Share Market Today: एक दिन पहले की भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज 20 मार्च को जोरदार तेजी देखवे को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 325.72 अंक यानी 0.44% की बढ़त के साथ 74,532.96 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 112.35 अंक चढ़कर 23,114.50 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, दिन के ऊपरी स्तरों से बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली, जिससे बाजार की शुरुआती बढ़त कुछ कम हो गई।
शुरुआती तेजी, लेकिन बाद में मुनाफावसूली
बाजार की शुरुआत मजबूत रही, जिसका मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में जंग जल्द खत्म होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रहा। हालांकि, जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे बाजार की बढ़त सीमित हो गई।
सेक्टरवार प्रदर्शन
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मीडिया, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। टेलीकॉम, आईटी, मेटल, फार्मा और PSU बैंक सेक्टर में 1-2% तक की तेजी देखने को मिली, जिसने बाजार को सपोर्ट दिया। वहीं ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.6% की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुआ।
रुपये में कमजोरी बनी चिंता
हालांकि बाजार में तेजी रही, लेकिन रुपये की कमजोरी चिंता का विषय बनी रही। भारतीय रुपया लगातार दूसरे दिन गिरते हुए 93 के पार निकल गया और 93.76 के नए इंट्राडे लो तक पहुंच गया। कमजोर रुपया आयात लागत और महंगाई बढ़ा सकता है, जिससे आगे बाजार पर दबाव बन सकता है।
निवेशकों ने ₹3.10 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 429.23 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 426.13 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 11.62 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 11.62 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 3.23 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), इंफोसिस (Infosys), ट्रेंट (Trent) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर 2.11 फीसदी से लेकर 3.01 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 8 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) का शेयर 2.41 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और इंडिगो (Indigo) के शेयरों में 0.22 फीसदी से लेकर 1.10 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,432 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,432 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,454 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,814 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 164 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 63 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 306 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Story continues below Advertisement