2025 में पेंशन, टैक्स, हेल्थकेयर से जुड़े 10 बड़े बदलाव; सीनियर सिटीजंस को मिलेगा सीधा फायदा

2025 में सरकार ने सीनियर सिटीजन्स के लिए पेंशन, टैक्स, हेल्थकेयर और ट्रैवल से जुड़े बड़े बदलाव किए हैं। किसी भी बैंक शाखा से पेंशन, ₹5 लाख का मुफ्त इलाज और TDS में राहत जैसी सुविधाएं बुजुर्गों की जिंदगी को आसान बनाने वाली हैं। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड Dec 11, 2025 पर 15:57
Story continues below Advertisement
भारत के वरिष्ठ नागरिकों के लिए साल 2025 बड़े बदलाव लेकर आया है। सरकार ने पेंशन, टैक्स, हेल्थकेयर और ट्रैवल से जुड़ी कई अहम सुविधाओं को आसान और ज्यादा सुलभ बनाया है। साल के अंत में हम उन 10 बड़े बदलावों पर नजर डाल रहे हैं, जिनका सीधा फायदा बुजुर्गों को मिलेगा।

1. किसी भी बैंक शाखा से मिलेगी पेंशन: EPFO का Centralised Pension Payment System जनवरी 2025 से लागू हो गया है। अब EPS-95 पेंशनर देश के किसी भी बैंक ब्रांच से पेंशन ले सकते हैं। इससे स्थान बदलने पर PPO ट्रांसफर या कागजों के झंझट से पूरी तरह छुटकारा मिल गया है।

2. डिजिटल और डोरस्टेप लाइफ सर्टिफिकेट: अब वरिष्ठ नागरिक घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। पोस्टमैन, बैंक या पोस्ट ऑफिस भी डोरस्टेप सर्विस दे रहे हैं। इससे चलने-फिरने में दिक्कत वाले बुजुर्गों के लिए पेंशन जारी रखना बेहद आसान हो गया है।


3. सीनियर सिटिजन वेलफेयर पोर्टल: 2 मई 2025 को लॉन्च हुआ SCWP एक ही जगह सभी सरकारी सुविधाओं, हेल्थ बेनिफिट्स और वेलफेयर सर्विसेज की जानकारी देता है। यह बुजुर्गों को डिजिटल तरीके से हर स्कीम तक पहुंच बनाता है। पोर्टल पर इवेंट्स और हेल्प सपोर्ट भी उपलब्ध है।

4. 70+ उम्र वालों के लिए फ्री हेल्थ कवरेज: Ayushman Vay Vandana कार्ड के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को अब हर साल ₹5 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा। इसमें अस्पताल में भर्ती, सर्जरी और अन्य बड़े खर्च शामिल हैं। 2025 में इसका रोलआउट जारी है और योग्य नागरिक कार्ड प्राप्त कर उपचार ले सकते हैं।

5. हर महीने अनिवार्य पेंशन स्लिप: CPAO ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि हर पेंशनर को मासिक पेंशन स्लिप भेजना अनिवार्य है। यह ईमेल, SMS या व्हाट्सऐप के जरिए भेजी जाएगी। इससे बुजुर्गों को रकम और कटौतियों का स्पष्ट रिकॉर्ड आसानी से मिल सकेगा।

6. रेलवे में लोअर बर्थ की गारंटी: भारतीय रेलवे अब उपलब्ध होने पर सीनियर सिटिज़न्स को लोअर बर्थ अपनेआप आवंटित करता है। स्लीपर और AC कोच में इनके लिए अलग कोटा भी रखा गया है। इससे बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा और आराम दोनों में सुधार हुआ है।

7. ब्याज पर TDS छूट अब ₹1 लाख तक: बजट 2025 में सीनियर सिटिज़न्स के लिए ब्याज आय पर TDS लिमिट ₹50,000 से बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दी गई। अब FD, सेविंग अकाउंट या अन्य डिपॉजिट से मिलने वाले ब्याज पर इस सीमा तक कोई TDS नहीं कटेगा। यह 1 अप्रैल 2025 से लागू है।

8. किराये की आय पर TDS सीमा बढ़ी: भूखंड या भवन के किराये पर TDS कटौती की सीमा ₹2.40 लाख से बढ़ाकर ₹6 लाख कर दी गई है। इससे किराये से आय पाने वाले बुजुर्गों पर टैक्स का बोझ काफी कम हुआ है। नया नियम 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी है।

9. NSS से निकाली रकम अब टैक्स-फ्री: बजट 2025 में सेक्शन 80CCA में बदलाव के बाद 29 अगस्त 2024 से NSS निकासी पूरी तरह टैक्स-फ्री हो गई। इससे वरिष्ठ नागरिक अपनी सेविंग का उपयोग बिना टैक्स देने की चिंता के कर सकते हैं। यह रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए बड़ी राहत है।

Story continues below Advertisement

10. बिहार में मासिक पेंशन ₹400 से बढ़कर ₹1,100: राज्य स्तर पर भी लाभ बढ़े हैं। बिहार सरकार ने जुलाई 2025 से बुजुर्गों की मासिक पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 कर दी है। ₹700 की यह बढ़ोतरी लाखों वरिष्ठ नागरिकों के लिए वित्तीय मदद का बड़ा कदम है।