महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार सियासी उबाल सामने आया है। राज्य की महा विकास अघाड़ी सरकार ने पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा में कटौती करने का निर्णय लिया है। इस सुरक्षा कटौती में फडणवीस के अलावा महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (MNS) के प्रमुख और उद्धव के चचेरे भाई राज ठाकरे, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, BJP नेता चंद्रकांत पाटिल, प्रवीण दरेकर, प्रसाद लाड समेत दूसरे नेता शामिल हैं। सरकार के इस फैसले पर BJP ने हमला बोला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने सुरक्षा की नियमित समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत फडणवीस की सुरक्षा Z+ से घटाकर Y+ कर दी गई है। फडणवीस के सुरक्षा काफिले से एक बुलेट प्रूफ वाहन को हटा लिया गया है। फडणवीस की पत्नी अमृता के सुरक्षा कवर को भी Y+ से घटाकर X कर दिया गया है। इसी तरह MNS पार्टी के अध्यक्ष राज ठाकरे की Z+ सुरक्षा को हटा दिया गया है और इसके अलावा उनके काफिले से बुलेटप्रुफ वाहन को भी हटाने की बात कही गई है। इसके साथ ही BJP प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, पूर्व सीएम और BJP सांसद नारायण राणे की Y+ सुरक्षा को भी घटा दिया गया है। वहीं प्रवीण दरेकर और प्रसाद लाड जैसे BJP के नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था घटा दी गई है।
सरकार के इस फैसले पर BJP के प्रवक्ता रामकदम ने उद्धव सरकार की कड़ी आलोचना की है। राम कदम ने कहा कि इस तरह सरकार विपक्ष के नेताओं को चुप कराना चाहती है। हमारे नेताओं ने सरकार की कई मोर्चों पर नाकामियों को उजागर किया है। लेकिन हम उन्हें बेनकाब करते रहेंगे।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
