कर्नाटक (Karnataka) में जिसकी अटकलें लगाई जा रही थी, आखिरकार वही हुआ। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (BS Yediyurappa) ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्य में BJP की सरकार के दो साल पूरे होने पर एक कार्यक्रम में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद येदियुरप्पा भावुक भी हो गए।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत को इस्तीफा देने के बाद बीएस येदियुरप्पा ने कहा, "इस्तीफा देने के लिए किसी ने मुझ पर दबाव नहीं डाला। ये मैंने खुद फैसला लिया ताकि सरकार के 2 साल पूरे होने के बाद कोई और मुख्यमंत्री का पद संभाल सके। मैं अगले चुनाव में भाजपा को सत्ता में वापस लाने के लिए काम करूंगा।"
उन्होंने कहा, "मुझे दो साल कर्नाटक की सेवा करने का मौका देने के लिए मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभारी हूं। मैं कर्नाटक और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को भी धन्यवाद देता हूं। मैंने 2 दिन पहले इस्तीफा देने का फैसला किया। राज्यपाल ने मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।"
BSY ने आगे कहा, "हम आलाकमान द्वारा नए सीएम के रूप में चुने गए किसी भी व्यक्ति के अधीन काम करेंगे। मैं अपना 100% दूंगा और मेरे समर्थक भी अपना 100% देंगे। असंतोष का कोई अनुमान लगाने की जरूरत नहीं है।"
इससे पहले ANI के मुताबिक, येदियुरप्पा ने कहा, "मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं दोपहर के भोजन के बाद राज्यपाल से मिलूंगा।" कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा अपनी सरकार के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम में ये ऐलान किया है।
येदियुरप्पा ने कहा, "जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने मुझे केंद्र में मंत्री बनने के लिए कहा, लेकिन मैंने कहा कि मैं कर्नाटक में रहूंगा।" 78 साल के येदियुरप्पा ने कहा कि कर्नाटक में BJP ने बढ़त बनाई है। उन्होंने आगे कहा, "ये मेरे लिए हमेशा एक अग्निपरीक्षा रही है। ये पिछले दो साल Covid-19 के थे।"
येदियुरप्पा ने रविवार को बड़े संकेत दिए थे कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका भविष्य अनिश्चित है। बेंगलुरु में कर्नाटक विधान सौधा में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा सरकार की दूसरी वर्षगांठ मनाने के लिए एक भव्य कार्यक्रम के दौरान येदियुरप्पा अपने भाषण के दौरान भावुक हो गए।
येदियुरप्पा ने कहा, "ऐसे समय में जब कोई कार नहीं थी, मुझे शिमोगा के शिकारीपुरा में BJP के लिए काम करने के लिए साइकिल चलाना याद है। हमने कुछ BJP कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी बनाई थी, जब ऐसा करने वाला कोई नहीं था।" उन्होंने कहा, "मेरी इच्छा है कि बीजेपी फिर से पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र में सत्ता में आए।"
इससे पहले गुरुवार को येदियुरप्पा ने कहा था कि इस कार्यक्रम के बाद वह इस बात की घोषणा करेंगे कि वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को इस कार्यक्रम में अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बोलेंगे। उन्होंने कहा, "उसके बाद, दूसरी चीजें भी आपको पता चल जाएंगी।"
वहीं कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को पणजी, गोवा में पत्रकारों से बात करते हुए राज्य में किसी भी नेतृत्व संकट से इनकार किया और कहा कि येदियुरप्पा ने अच्छा काम किया है। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या कर्नाटक में नेतृत्व का संकट है, तो नड्डा ने कहा, "आप ऐसा महसूस करते होंगे। हमें ऐसा नहीं लगता।"
PTI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया कि बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे की अटकलों के बीच रविवार को राज्य के मंत्री मुरुगेश निरानी बीजेपी नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे।