Avenue Supermarts Q1 Results: D-Mart के मुनाफे में 132% का उछाल, EBITDA 103% बढ़ा

पहली तिमाही में कंपनी के प्रदर्शन पर कोरोना की दूसरी लहर का प्रतिकूल प्रभाव नजर आया है.

अपडेटेड Jul 11, 2021 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    हाइपर मार्केट चेन चलाने वाली Avenue Supermarts ने 10 जुलाई को अपने वित्त वर्ष 2021-212 के पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। जिसके मुताबिक इस अवधि में कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना आधार पर 132.3 फीसदी की जोरदार उछाल के साथ 115.13 करोड़ पर पहुंच गया है।

    हालांकि मुनाफे की इस बढ़ोतरी में पिछले साल के लो बेस का बड़ा योगदान है। पहली तिमाही में कंपनी के प्रदर्शन पर कोरोना की दूसरी लहर का प्रतिकूल प्रभाव नजर आया है। इस अवधि में कंपनी की आय सालाना आधार पर 31.3 फीसदी की बढ़त के साथ 5031.75 करोड़ रुपये रही है।

    कंपनी के नतीजों पर बात करते हुए इसके CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर Neville Noronha ने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में कोरोना की दूसरी लहर का ज्यादा असर देखने को मिला। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इस अवधि में कंपनी के स्टोरों के खुलने की अवधि कम रही है। इस अवधि में अलग-अलग जगहों पर कोरोना प्रतिबंधों के चलते स्टोरों के खुलने की अवधि अलग-अलग रही है। जिसका असर कंपनी के प्रदर्शन पर देखने को मिला।

    उन्होंने ये भी कहा कि स्टोरों के खुलने की अवधि कम रहने के बावजूद भी पहली तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी के स्टोर्स में फुटफॉल अधिक रहा है। जिससे बिक्री में बढ़त देखने को मिली है। इसके अलावा इस अवधि में कंपनी के 22 नए स्टोर भी चालू हो गए थे जिसका फायदा कंपनी को मिला।

    पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA 103.2 फीसदी की बढ़त के साथ 221.22 करोड़ रुपये पर रहा है। इसी तरह EBITDA मार्जिन भी सालाना आधार पर 155 बेसिस अंकों की बढ़त के साथ 4.39 फीसदी पर रहा है। कंपनी ने जून 2021 में खत्म हुई तिमाही के दौरान 4 नए स्टोर खोले हैं। इसके कुल स्टोरो की संख्या बढ़कर 238 हो गई है।

    कंसोलिडेटेड आधार पर देखें तो वित्त वर्ष 2022 की पहली तिमाही में कंपनी के मुनाफे में 137.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 95.37 करोड़ रुपये पर रहा है। इसी तरह इसके रेवेन्यू में 35.5 फीसदी का उछाल आया है और यह 5183.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।



    सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।