Abu Dhabi: कोरोना के चलते अबू धाबी ने सख्त किया ट्रेवल नियम, अमीरात में अब एंट्री करने के लिए यात्रियों को दिखाना होगा बूस्टर डोज सर्टिफिकेट

अपडेटेड Jan 18, 2022 पर 5:49 PM
अबू धाबी में एंट्री करने के लिए यात्रियों को अब बूस्टर डोज सर्टिफिकेट दिखाना होगा

Abu Dhabi New Travel Rules: अबू धाबी ने अमीरात में प्रवेश करने के लिए एक नए ट्रेवल नियम की घोषणा की है, जिसके मुताबिक शहर में एंट्री करने के लिए सभी यात्रियों को बूस्टर डोज का सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य होगा। पूरे देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के अपेक्षाकृत अधिक संक्रामक वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) के बढ़ते मामलों को देखते हुए अबू धाबी (Abu Dhabi) ने ट्रेवल नियमों में बदलाव किया है।

नए नियम के मुताबिक, अबू धाबी में एंट्री करने से पहले व्यक्ति को यह प्रमाण देना होगा कि उसने कोविड-19 वैक्सीन की बूस्टर डोज (Booster Dose) ले ली है। सरकार के स्वास्थ्य ऐप के जरिए इस सप्ताह के शुरु में कहा गया था कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी में प्रवेश करने वाले को ‘ग्रीन पास’ (green pass) दिखाना होगा जिसमें उनके वैक्सीनेशन की स्थिति की पुष्टि की गई हो।

UP Elections 2022: यूपी चुनाव में अकेले उतरेगी आजाद समाज पार्टी, चंद्रशेखर आजाद बोले- कांग्रेस से बातचीत जारी


इस ऐप को अब 'ग्रीन स्टेटस' प्राप्त करने के लिए बूस्टर शॉट को शामिल करने के लिए अपडेट किया गया है। ऐप के मुताबिक, यात्रियों के वैक्सीनेशन को तब तक पूर्ण नहीं माना जाएगा जब तक वह दूसरी डोज लेने के कम से छह महीने बाद बूस्टर डोज नहीं ले लेता।

यह नया आदेश ऐसे समय में आया है जब संयुक्त अरब अमीरात को कोरोनोवायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन मामलों में एक राष्ट्रव्यापी उछाल का सामना करना पड़ रहा है। ऐप के मुताबिक, जो लोग अबू धाबी में एंट्री के इच्छुक हैं उनकी पिछले दो सप्ताह में कोविड-19 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर उनका ‘‘ग्रीन” दर्जा कायम रह सकेगा।

अबू धाबी ने अपने पड़ोसी शहर दुबई के मुकाबले कोविड-19 को नियंत्रित करने को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया है और यहां के निवासियों को सार्वजनिक स्थानों और सरकारी इमारतों में एंट्री करने से पहले अपना ‘ग्रीन पास’ दिखाना होता है।

संयुक्त अरब अमीरात के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि देश ने अपनी 90 फीसदी से अधिक आबादी को पूरी तरह से वैक्सीन लगा चुका है। हालांकि दिसंबर में संक्रमण कम हो गया था, लेकिन हाल के दिनों में अनदेखी के कारण कोरोना मामलों में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।