बिल गेट्स ने वॉरेन बफे का जताया आभार, कहा-फाउंडेशन के कुल रिसोर्सेज में बफे का 50% योगदान

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर गेट्स ने कहा है कि भले ही उनकी संस्था का नाम उनके और उनकी पत्नी के नाम पर है, लेकिन उनके फाउंडेशन के कुल रिसोर्सेज में वॉरेन बफे का आधा (50 फीसदी) योगदान है। इस बारे में गेट्स ने एक ब्लॉग में बताया है

अपडेटेड Jul 18, 2022 पर 4:04 PM
Story continues below Advertisement
गेट्स ने पिछले हफ्ते कहा था कि उनका फाउंडेशन अपना सालाना खर्च बढ़ाकर साल 2026 तक 9 अरब डॉलर करेगा। कोरोना से पहले के सालों में फाउंडेशन सालाना 6 अरब डॉलर खर्च करता था।

दुनियाभर में लोगों की भलाई के लिए काम करने वाले Bill & Melinda Gates Foundation को चैरिटी करने वाले लोगों की कमी नहीं है। लेकिन, दिग्गज इनवेस्टर Warren Buffett की चैरिटी इस फाउंडेशन के लिए बहुत अहम है। इसका अंदाजा बिल गेट्स (Bill Gates) के एक बयान से लगाया जा सकता है।

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर गेट्स ने कहा है कि भले ही उनकी संस्था का नाम उनके और उनकी पत्नी के नाम पर है, लेकिन उनके फाउंडेशन के कुल रिसोर्सेज में वॉरेन बफे का आधा (50 फीसदी) योगदान है। इस बारे में गेट्स ने एक ब्लॉग में बताया है।

गेट्स ने कहा है कि 2006 से बफे ने उनके फाउंडेशन को 35.7 अरब डॉलर दान में दिया है। हाल में 3.1 अरब डॉलर का डोनेशन उन्होंने जून में दिया है। उन्होंने कहा कि इस डोनेशन की रियल वैल्यू और भी ज्यादा है। अगर आप चैरिटी के बाद बर्कशायर हैथवे के शेयरों में आई मजबूती पर ध्यान दें तो इनकी वैल्यू अब 45 अरब डॉलर हो गई है।


यह भी पढ़ें : Dollar Vs Rupee: क्रूड में उछाल, विदेशी फंडों की बिकवाली से रुपया में आई गिरावट- निर्मला सीतारमण

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर ने कहा, "बफे ने सिर्फ अपने डोनेशन से इस फाउंडेशन की मदद नहीं की है बल्कि उनकी सलाह और सोच ने इसे काफी फायदा पहुंचाया है। यह बफे के चैरिटी करने से पहले से है।" उन्होंने कहा, "वॉरेन, मैं कभी शब्दों में यह बयां नहीं कर सकता कि मैं आपकी दोस्ती और आपने जो गाइडेंस और उदारता दिखाई है उसकी मैं कितनी तारीफ करता हूं।"

गेट्स ने पिछले हफ्ते कहा था कि उनका फाउंडेशन अपना सालाना खर्च बढ़ाकर साल 2026 तक 9 अरब डॉलर करेगा। कोरोना से पहले के सालों में फाउंडेशन सालाना 6 अरब डॉलर खर्च करता था। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह 20 अरब डॉलर चैरिटी के लिए ट्रांसफर करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना की महामारी, क्लाइमेट क्राइसिस और रूस-यूक्रेन लड़ाई को देखते हुए यह जरूरी कदम है।

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर ने यह भी कहा था कि वह खुद और अपने परिवार के खर्च के लिए जरूरी फंड छोड़कर अपनी पूरी संपत्ति फाउंडेशन को दान कर देंगे। उन्होंने कहा था, "मेरा नाम दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में नीचे चला जाएगा, फिर यह लिस्ट से बाहर हो जाएगा।"

गेट्स ने कहा था कि यह डोनेशन मेरे लिए किसी तरह से त्याग नहीं है। मैं इस तरह की बड़ी चुनौतियों के समाधान का हिस्सा बनकर खुद को भाग्यशाली मानता हूं। मैं इस काम को पसंद करता हूं और मेरा मानना है कि समाज को पैसे लौटाना मेरा फर्ज है। यह इस तरह से होना चाहिए जिससे लोगों की जिंदगी में बेहतरी आए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।