UK PM Race: शुरुआती छंटनी के बाद पीएम पद की दौड़ में 8 दावेदार शामिल, भारतीय मूल के ऋषि सुनक अभी भी सबसे आगे

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री की घोषणा 5 सितंबर को की जाएगी। वर्तमान में 8 उम्मीदवार पीएम पद की दौड़ में हैं। नए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की जगह लेंगे, जिन्होंने ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के नेता के रूप में इस्तीफा दे दिया है

अपडेटेड Jul 13, 2022 पर 2:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rishi Sunak कंजर्वेटिव पार्टी में बोरिस जॉनसन की जगह लेने की दौड़ में अपनी बढ़त बनाए हुए हैं

ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री चुनने के लिए मंगलवार शाम को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त होने पर उम्मीदवारों की शुरुआती छंटनी के बाद भारतीय मूल के दो सांसदों पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक और अटॉर्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन ने 8 दावेदारों में अपनी जगह बना ली। आपको बता दें कि वर्तमान में 8 उम्मीदवार पीएम पद की दौड़ में हैं। नए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की जगह लेंगे, जिन्होंने ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के नेता के रूप में इस्तीफा दे दिया है

सुनक और ब्रेवरमैन के अलावा इस लिस्ट में विदेश मंत्री लिज ट्रस, नए वित्त मंत्री नाधिम जहावी, वाणिज्य मंत्री पेनी मोर्डेंट, पूर्व कैबिनेट मंत्री केमी बादेनोक, जेरेमी हंट और सांसद टॉम टुगेंदत शामिल हैं। भारतीय मूल के ऋषि सुनक कंजर्वेटिव पार्टी में बोरिस जॉनसन की जगह लेने की दौड़ में अभी भी सबसे आगे हैं।

ये भी पढ़ें- 'रिया चक्रवर्ती ने सह आरोपियों से कई बार गांजा खरीदकर दिवंगत एक्टर को दी थी', सुशांत सिंह मामले में NCB ने लगाए गंभीर आरोप


रिपोर्ट के मुताबिक, सुनक के पास सर्वाधिक सांसदों का समर्थन है। 42 वर्षीय सुनक ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि मैं सकारात्मक प्रचार अभियान चला रहा हूं जो इस बात पर केंद्रित है कि मेरे नेतृत्व से पार्टी और देश को क्या लाभ हो सकता है।

सुनक ने की चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत

ब्रिटेन के पूर्व चांसलर सुनक ने कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व के लिए अपने चुनाव प्रचार अभियान की आधिकारिक शुरुआत करते हुए अपने संबोधन में एक सकारात्मक अभियान का वादा किया, जिसमें निवर्तमान प्रधानमंत्री जॉनसन को नकारात्मक रूप में पेश नहीं किया जाएगा।

इस लिस्ट में जगह बनाने के लिए कम से कम 8 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता थी। शुरुआती छंटनी के बाद बचे 8 उम्मीदवारों के बीच अब आज बुधवार को पहले दौर के मतदान में मुकाबला होगा। इसके बाद केवल वे ही दूसरे दौर में जा सकेंगे, जिनके पास कम से कम 30 सांसदों का समर्थन होगा।

नामांकन प्रक्रिया बंद होने से कुछ ही समय पहले पाकिस्तानी मूल के दो उम्मीदवारों-पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद और विदेश कार्यालय के मंत्री रहमान चिश्ती ने अपने नाम वापस ले लिए, क्योंकि वे 20 सांसदों का समर्थन हासिल नहीं कर पाए।

5 सितंबर को होगा नए पीएम का चुनाव

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का चुनाव 5 सितंबर को किया जाएगा। कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों द्वारा मतदान का पहला चरण बुधवार को होना है। गुरुवार को दूसरे चरण के मतदान के बाद चरणबद्ध तरीके से अंतिम दो उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। सुनक ने इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से शादी की है।

बोरिश जॉनसन ने पिछले सप्ताह गुरुवार को कंजरवेटिव पार्टी के नेता के रूप में इस्तीफा दे दिया था, जिससे टोरी के नाम से प्रसिद्ध पार्टी के नेतृत्व के लिए चुनाव शुरू हो गया। जॉनसन के कार्यकाल में सरकार को हिलाकर रख देने वाले कई घोटाले हुए जिसके कारण अपने मंत्रिमंडल के भीतर ही उन्हें अभूतपूर्व विद्रोह का सामना करना पड़ा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।