'कनाडा को अमेरिका में विलय करना ही होगा': जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज

Justin Trudeau Resignation: भारत विरोधी नीतियों के लिए मशहूर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार (6 जनवरी) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह करीब 9 वर्षों तक कनाडा के प्रधानमंत्री रहे। पार्टी में बढ़ते आंतरिक असंतोष और उनकी लोकप्रियता में कमी आने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा

अपडेटेड Jan 07, 2025 पर 11:31 AM
Story continues below Advertisement
Justin Trudeau Resignation: जस्टिन ट्रूडो ने अपने नेतृत्व के प्रति बढ़ते असंतोष के मद्देनजर सोमवार को पद से इस्तीफे की घोषणा की

Justin Trudeau Resignation: अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के कुछ समय बाद सोमवार (6 जनवरी) को कनाडा को अमेरिका का 51वां प्रांत बनाने का एक बार फिर अपना प्रस्ताव दोहराया। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने नेतृत्व के प्रति बढ़ते असंतोष के मद्देनजर सोमवार को पद से इस्तीफे की घोषणा की। इस साल कनाडा में आम चुनाव होने हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक पार्टी नया नेता नहीं चुन लेती, तब तक वह प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

ट्रंप, पांच नवंबर को अपनी चुनावी जीत के बाद 'मार-ए-लागो' में ट्रूडो से मुलाकात के बाद से ही कनाडा को अमेरिका का 51वां प्रांत बनाने का विचार व्यक्त करते रहे हैं। उसके बाद से वह कई बार अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसका जिक्र कर चुके हैं। ट्रंप के पिछले कार्यकाल (2017-2021) के दौरान भी ट्रूडो के साथ उनके कभी अच्छे संबंध नहीं रहे।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट कर कहा, "कनाडा में भी बहुत से लोग अपने देश को अमेरिका का 51वां प्रांत बनाने के इच्छुक हैं। अमेरिका अब उन भारी व्यापार घाटे और सब्सिडी को वहन नहीं कर सकता है जिनकी कनाडा को अपने अस्तित्व को बचाए रखने के लिए जरूरत है। जस्टिन ट्रूडो को यह पता था और उन्होंने इस्तीफा दे दिया।"


ट्रूडो के इस्तीफे के बाद सोमवार को ट्रंप ने कहा, "अगर कनाडा अमेरिका का हिस्सा बन जाता है तो कोई टैक्स नहीं होगा। टैक्स बहुत कम हो जाएंगे और वे रूसी और चीनी जहाजों के खतरे से पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे जो लगातार उन्हें घेरे रहते हैं। साथ मिलकर, यह कितना महान देश बनेगा।"

हालांकि, कनाडा की ओर से ट्रंप के प्रस्ताव पर कोई तवज्जो नहीं दी गई है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर कनाडा अमेरिका के साथ अपनी दक्षिणी सीमा से ड्रग्स तस्करी और अवैध प्रवासियों की घुसपैठ को नहीं रोकता है तो कनाडाई आयात पर 25 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा।

ट्रूडो ने दिया इस्तीफा

जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह करीब 9 साल तक कनाडा के प्रधानमंत्री रहे। पार्टी में बढ़ते आंतरिक असंतोष और उनकी लोकप्रियता में कमी आने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। ट्रूडो 2015 से कनाडा के प्रधानमंत्री थे और उनके इस्तीफे के बाद लिबरल पार्टी में नए नेता की तलाश शुरू हो गई है। ट्रूडो के इस्तीफे से कनाडा में इसी साल चुनाव की संभावना भी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें- Earthquake: तिब्बत-नेपाल सीमा पर आए शक्तिशाली भूकंप से 36 लोगों की मौत, भारत में भी महसूस किए गए झटके

इस्तीफा देने के बाद ट्रूडो ने अपने बयान में कहा, "कनाडा की लिबरल पार्टी हमारे महान देश और लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण संस्था है। एक नया प्रधानमंत्री और लिबरल पार्टी का नेता देश के मूल्यों और आदर्शों को अगले चुनाव में आगे बढ़ाएगा। मुझे अगले कुछ महीनों में इस प्रक्रिया को होते देख कर खुशी होगी। हमें 2021 में तीसरी बार चुनाव में चुना गया था, ताकि हम महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकें और एक जटिल दुनिया में कनाडा के हितों को आगे बढ़ा सकें। यही वह काम है जिसे हम कनाडाई लोगों के लिए जारी रखेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।