Sheep China: सोशल मीडिया पर कोई न कोई वीडियो वायरल होता रहता है। इन दिनों चीन का एक वीडियो वायरल हो रहा है इस वीडियो में भेड़ें लगातार गोल-गोल चक्कर काट रही हैं। भेड़ों के लगातार गोल-गोल घूमने के कारण हर कोई हैरान हैं। इनमें से ज्यादातर भेड़ें लगातार घूमने के बावजूद पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं। उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया से यह घटना सामने आई है। इस रहस्य को अब तक कोई नहीं सुलझा पाया है। बिना खाए पिए भेड़ें लगातार चक्कर काट रही हैं। इस खौफनाक फुटेज को देख कर कई लोग डरे हुए हैं। वह इसे 'प्रलय का संकेत' मान रहे हैं।
भेड़ों का झुंड घूम रहा गोल-गोल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन भेड़ों को जिन लोगों ने पाल रखा है वे खुद भी हैरान हैं। भेड़ों की मालकिन मिआओ ने कहा कि जानवरों का अजीबो गरीब व्यवहार कुछ भेड़ों से शुरू हुआ था। धीरे-धीरे पूरा झुंड घूमने लगा। इनकी हरकतों से वे खुद परेशान हैं। उनको समझ में नहीं आ रहा है कि ऐसा क्यों हो रहा है? जब इन भेड़ों की तस्वीरें और वीडियोज वायरल हुए तो वैज्ञानिक भी हैरान रह गए। कुछ भेड़ें एक गोले के अंदर शांत खड़ी हैं और बाकी उनके चारों ओर चक्कर लगा रही है। हैरानी की बात यह भी है कि भेड़ें कुछ भी खा नहीं रही हैं, लेकिन फिर भी वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
इस घटना के वैज्ञानिक कारण के पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि लिस्टेरियोसिस नामक एक जीवाणु रोग से जानवरों का व्यवहार इस तरह हो जाता है। इससे वो एक घेरे में चक्कर लगाने लगते हैं। यह बैक्टीरिया जानवरों में गोल-गोल घूमने का कारण बनता है। यह रोग दिमाग के एक हिस्से में सूजन पैदा करता है। जिसके कारण चक्कर आने लगता है। इसमें भटकाव महसूस होने लगता है।
मिआओ के फार्म पर भेड़ों के 34 बाड़े हैं। लेकिन 13वें नंबर के बाड़े की भेड़ों का ही ये अजीबो गरीब व्यवहार देखने को मिला है। कुछ का मानना है कि यह भेड़ों का सामान्य व्यवहार है, लेकिन दूसरों को लगता है कि इन अजीबोगरीब हरकतों के पीछे कुछ और भी खतरनाक हो सकता है। सोशल मीडिया पर भेड़ों के घूमने का वीडियो जब आया तो कुछ लोग इसे कयामत के संकेत की तरह देखने लगे। एक यूजर ने इसे सर्वनाश की मंगोलियाई भेड़ के रूप में बताया। वहीं, दूसरे ने कहा, 'अभी नहीं, सर्वनाश का रहस्य बचा है।