Thums Up और Limca बेचने के एक्सक्लूसिव राइट्स का Coca-Cola का दावा खारिज हो गया है। कोर्ट का फैसला Meenaxi Enterprise Inc के पक्ष में आया है। इस मामले में फेडरल अपील्स कोर्ट ने बुधवार को फैसला सुनाया। उसने इस मामले में Trademark Trial and Appeal Board के फैसले को पलट दिया। आइए जानते हैं क्या है यह पूरा मामला।
Coca Cola अमेरिकन कंपनी है। वह इंडिया और दूसरे देशों में Thums Up और Limca बेचती है। Meenaxi Enterprise अमेरिका में दोनों नामों (Thums Up और Limca) से कोल्ड ड्रिंक बेचती है। कोका कोला ने मीनाक्षी के Thums Up और Limca नाम से सॉफ्ट ड्रिंक बेचने पर आपत्ति जताई थी। मीनाक्षी 2008 से दोनों ब्रांड्स की बिक्री अमेरिका में कर रही है। उसने 2012 में Federal Trademark भी हासिल कर लिया था।
Coca Cola ने 2016 में US Patent and Trademark Office में मीनाक्षी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसने दोनों ब्रांड बेचने का मीनाक्षी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने की मांग की। Trademark Trial and Appeal Board ने यह पाया कि मीनाक्षी के प्रोडक्ट्स की वजह से अमेरिका में रहने वाले भारतीय लोगों के बीच कोका कोला की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। उसने यह पाया कि मीनाक्षी अमेरिकी उपभोक्ताओं को धोखा देने की कोशिश कर रही है। इस आधार पर उसने मीनाक्षी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिया।
मीनाक्षी ने इस मामले में फेडरल कोर्ट में अपील की। Federal Circuit ने मामले की सुनवाई के बाद बुधवार को कहा कि Board को Coca Cola को ट्रेडमार्क को चैलेंज करने की इजाजत नहीं देनी चाहिए थी। इसकी वजह यह है कि कोका कोला यह साबित करने में नाकाम रही कि मीनाक्षी को थम्स अप और लिम्का अमेरिका में बेचने से कोका कोला को किसी तरह का नुकसान हो रहा है।
Federal Circuit ने कहा कि Coca Cola अमेरिका में Thums Up और Limca की ज्यादा बिक्री नहीं करती है। वह यह साबित नहीं कर पाई कि मीनाक्षी के दोनों ब्रांड्स बेचने से उनकी बिक्री को किसी तरह का नुकसान हो रहा है। ट्रेडमार्क कानून के तहत थर्ड पार्टी आयातकों की बिक्री से भी किसी तरह का नुकसान कोका कोला को होने की बात साबित नहीं हो सकी।
अब आपको Thums Up और Limca ब्रांड की थोड़ी कहानी जान लेनी चाहिए। Parle Bisleri ने 1971 में इंडिया में Limca lemon lime की शुरुआत की थी। फिर उसने 1978 में Thums Up की शुरुआत की। कोका कोला ने पारले से दोनों ब्रांड्स 1993 में खरीद लिए थे। तब से वह इंडिया, एशिया और कुछ अफ्रीकी देशों में दोनों ब्रांड्स बेचती है। इंडिया में ये दोनों ही ब्रांड बहुत लोकप्रिय हैं।