Corona Vaccine diplomacy: किसान आंदोलन पर सरकार की तारीफ कर रहा है कनाडा

भारत के किसानों के सुर में सुर मिलाने वाले कनाडा के सुर अब बदलते नजर आ रहे हैं

अपडेटेड Feb 13, 2021 पर 3:48 PM

भारत के किसानों के सुर में सुर मिलाने वाले कनाडा के सुर अब बदलते नजर आ रहे हैं। दिल्ली बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन के दौरान शुरू में कनाडा ने किसानों के पक्ष में बयान जारी किये थे जिस पर भारत ने नाराजगी भी जताई थी अब कनाडा ने भारत से कोरोना महामारी से बचाव के लिए कोरोना वैक्सीन भेजे जाने की अपील की है। कोरोना वैक्सीन के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो (PM Justin Trudeau) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से बात की है और उनसे कोरोना वैक्सीन देने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने भी उन्हें वैक्सीन को लेकर मदद करने का विश्वास दिलाया है।

कोविड वैक्सीन को लेकर कनाडा की तरफ से मदद मांगी गई। जिसपर भारत ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने फोन पर वैक्सीन को लेकर बातचीत की। मोदी की तरफ से वैक्सीन को लेकर मदद का भरोसा दिया गया है। न्यूज 18 की खबर के मुताबिक इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल इकॉनोमिक रिकवरी को लेकर भी सहमति बनी।

गुरुवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्‍होंने किसान आंदोलन पर भारत के रुख को सराहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अनुराग श्रीवास्‍तव ने कहा कि कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने किसान आंदोलन को लेकर भारत सरकार के बातचीत के प्रयासों को सराहा है। इसके साथ ही जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि उनकी सरकार वहां मौजूद भारतीय राजनयिकों और परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

पीएमओ के एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि कनाडा के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को कनाडा में कोरोना से व्‍याप्‍त हालात के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्‍होंने कनाडा के लिए कोरोना के टीके की आवश्यकता से भी अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि भारत ने जैसे अन्‍य देशों को वैक्‍सीन उपलब्‍ध कराकर मदद की वैसे ही कनाडा की भी सहायता की जाएगी। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।