Coronavirus: कहीं खुल न जाए पोल! चीन अब Covid-19 के रोज आने वाले नए केस की रिपोर्ट नहीं करेगा जारी

Coronavirus: NHC ने ग्लोबल टाइम्स को बताया, "चीन का नेशनल हेल्थ कमीशन (NHC) रविवार से डेली COVID-19 केस डेटा जारी करना बंद कर देगा। इसके बजाय, चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन COVID-19 से जुड़ी जानकारी को स्टडी और रेफ्रेंस के लिए जारी करेगा"

अपडेटेड Dec 25, 2022 पर 2:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
चीन अब Covid-19 के रोज आने वाले नए केस की रिपोर्ट नहीं करेगा जारी (FILE PHOTO)

चीन (China) में कोरोना वायरस (Coronavirus) की भयावह स्थिति किसी के सामने न आ जाए, इसके लिए शी जिनपिंग (Xi Jinping) प्रशासन हर जतन कर रहा है। इसी कड़ी में कम्यूनिस्ट पार्टी (CPC) की सरकार ने तय किया है कि अब Covid-19 रोज आने वाले नए केस की डेली रिपोर्ट नहीं जारी की जाएगी। The Global Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन के कैबिनेट स्तर के कार्यकारी विभाग, नेशनल हेल्थ कमीशन (NHC) ने 25 दिसंबर से अपने डेली Covid-19 नंबरों को दैनिक आधार पर जारी नहीं करने का फैसला लिया है।

NHC ने ग्लोबल टाइम्स को बताया, "चीन का नेशनल हेल्थ कमीशन (NHC) रविवार से डेली COVID-19 केस डेटा जारी करना बंद कर देगा। इसके बजाय, चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन COVID-19 से जुड़ी जानकारी को स्टडी और रेफ्रेंस के लिए जारी करेगा।"

कथित तौर पर, नेशनल हेल्थ कमीशन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 23 दिसंबर को चीन में कोरोना के केस की संख्या पर डेटा जारी किया था। वेबसाइट के अनुसार, देश में संक्रमण के 4,128 नए मामले सामने आए और कोई नई मौत नहीं हुई।


NHC की वेबसाइट के अनुसार, 1,760 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 28,865 लोग, जो वायरस से संक्रमित मरीजों के आस-पास या संपर्क में थे, उन्हें भी मेडिकल निगरानी से मुक्त कर दिया गया। जबकि गंभीर मामलों की संख्या में 99 की बढ़ोतरी हुई।

Coronavirus: चीन ने क्यों किया ये फैसला?

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, संभावना है कि NHC का अपनी डेली कोविड टैली जारी नहीं करने का फैसला एक रेडियो फ्री एशिया रिपोर्ट के बाद आया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दिसंबर के पहले हफ्ते में 'जीरो-कोविड पॉलिसी' में ढील किए जाने के बाद महज 20 दिनों में चीन में करीब 25 करोड़ लोग Covid-19 की चपेट में आ सकते हैं।

लीक हुए सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए ANI ने बताया कि 1 दिसंबर से 20 दिसंबर तक 24.8 करोड़ लोग Covid-19 से संक्रमित थे, या यूं कहें कि चीन की 17.65 प्रतिशत आबादी इस वायरस से संक्रमित थी।

Radio Free Asia की तरफ से दिए गए डेटा और 2 दिसंबर को चीन के सरकारी अधिकारियों की तरफ से जारी किए गए डेटा के बीच एक बड़ा अंतर है।

ब्रिटेन के प्रेडिक्टिव साइंस इंटेलिजेंस प्रोवाइडर एयरफिनिटी ने कहा कि उसके मॉडलिंग के अनुसार, चीन में एक दिन में 5,000 से ज्यादा मौतों के साथ 10 लाख से ज्यादा नए केस आने की आशंका है।

एयरफिनिटी ने एक बयान में कहा, "महामारी विज्ञानियों की हमारी टीम ने क्षेत्रीय आंकड़ों के रुझानों का इस्तेमाल करते हुए उन इलाकों में पहले पीक का अनुमान लगाया है, जहां संक्रमण के मामले वर्तमान में बढ़ रहे हैं और दूसरा पीक चीन के दूसरे प्रांतों में देखने को मिल सकता है।"

China Coronavirus: कभी 'घातक वायरस', तो कभी 'कॉमन फ्लू', Covid-19 को लेकर चीन के कब-कब बदले स्वर

प्रिडिक्टिव इंटेलिजेंस प्रोवाइडर ने यह भी अनुमान लगाया है कि उसके मॉडल के अनुसार, जनवरी में मामले की दर प्रतिदिन 3.7 मिलियन और मार्च 2023 में 4.2 मिलियन प्रतिदिन तक पहुंच सकती है।

एयरफिनिटी के वैक्सीन और महामारी विज्ञान के प्रमुख लुईस ब्लेयर ने कहा, "चीन ने बड़े पैमाने पर टेस्टिंग रोक दी है और अब वे ऐसे मामलों की गिनती ही नहीं कर रहा है, जिनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं दिख रहा। इसका सीधा सा मतलब है कि आधिकारिक डेटा देश भर में फैले प्रकोप की सही-सही तस्वीर सामने नहीं रख रहा है।"

जिस तरह से चीन अपने देश में मौतों की संख्या को दर्ज कर रहा है, उस पर टिप्पणी करते हुए, ब्लेयर ने कहा, "चीन ने COVID-19 मौतों को दर्ज करने के तरीके को भी बदल दिया है। अब वो केवल उन लोगों को शामिल कर रहा है, जो पॉजिटिल टेस्टिंग के बाद सांस लेने में तकलीफ या निमोनिया से मर रहे हैं। इसलिए भी चीन के आधिकारिक डेटा में मौत का आंकड़ा कम है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।