Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को मियामी कोर्ट में गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर गोपनीय दस्तावेजों को अवैध तरीके से रखने के आरोप लगे हैं। मियामी कोर्ट हाउस में अधिकारियों के सामने औपचारिक रूप से सरेंडर करने के बाद ट्रंप को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रंप ने अपने ऊपर लगे गोपनीय दस्तावेजों को अवैध तरीके से रखने के आरोपों को खारिज कर दिया है। ट्रंप पर 37 आरोप लगे हैं। हालांकि सुनवाई के बाद उन्हें बिना शर्त कोर्ट से बाहर जाने की अनुमति दे दी गई।
ट्रंप के वकीलों ने कोर्ट में ज्यूरी ट्रायल की अपील की है। बता दें कि अमेरिका में अगले साल राष्ट्रपति के चुनाव होना है। ट्रंप भी राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल उनकी मुसीबतें बढ़ती नजर आ रही हैं।
सुनवाई के दौरान, ट्रंप थोड़ा झुककर बैठे हुए थे। उनके चेहरे पर एक मुस्कान थी। इस दौरान वह कुछ नहीं बोले। ट्रंप के वकील ने जज से कहा कि हम निश्चित रूप से सभी आरोपों को खारिज करते हैं। उन पर मियामी स्थित अपने आवास 'मार-ए-लागो एस्टेट' में अवैध रूप से गोपनीय दस्तावेज रखने का आरोप है। आपराधिक मामलों में संघीय जज के सामने पेश होने वाले डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं। ट्रंप के कोर्ट पहुंचते ही उनके समर्थकों ने हाथ हिलाकर स्वागत किया। वहीं विरोधी पार्टी के लोग ट्रंप का विरोध करते नजर आए। ट्रंप पर यह दूसरा आपराधिक मामला है। जिसका वो समाना कर रहे हैं।
कोर्ट से निकलकर ट्रंप न्यू जर्सी के बेडमिंस्ट में अपने गोल्फ क्लब पहुंचे। यहां उन्होंने अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर जमकर निशाना साधा। इससे पहले अप्रैल महीने में डोनाल्ड ट्रंप न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में पेश हुए थे। ट्रंप पर एक पॉर्न स्टार से अपने संबंधों को छुपाने के लिए उसको पैसे देने का आरोप लगा था। इस मामले में भी पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद को निर्दोष ही बताया था।