इक्वाडोर में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फर्नांडो विलाविसेंशियो (Ecuadorean Presidential Candidate Fernando Villavicencio Killed) की बुधवार को देश की राजधानी क्विटो में एक राजनीतिक रैली में अज्ञात बंदूकधारी ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुलेर्मो लासो ने यह जानकारी दी। 59 वर्षीय पत्रकार से राजनेता बने विलाविसेंशियो 20 अगस्त को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में 8 प्रमुख दावेदारों में से एक थे। यह हत्या ऐसे वक्त में हुई है जब दक्षिण अमेरिकी देश में ड्रग्स की तस्करी और हिंसा चरम पर है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फर्नांडो को सुरक्षाकर्मियों के घेरे में कार्यक्रम से निकलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में उन्हें एक सफेद ट्रक में एंट्री करते हुए और फिर उन पर गोलियां चलते हुए देखी गई। फर्नांडो 'बिल्ड इक्वाडोर मूवमेंट' के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। वह अगस्त के अंत में होने वाले चुनाव में राष्ट्रपति पद के आठ उम्मीदवारों में से एक थे। वह विवाहित थे और उनके पांच बच्चे हैं।
वह खासतौर से पूर्व राष्ट्रपति राफेल कोरिया के 2007 से 2017 तक के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ काफी मुखर रहे। उन्होंने कोरिया सरकार के कई शीर्ष सदस्यों के खिलाफ न्यायिक शिकायतें दर्ज कराई थीं। पीटीआई के मुताबिक, प्रारंभिक सूचना से पता चलता है कि हमले में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। फिलहाल, अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि कितने लोग घायल हुए हैं।
कार में बैठते ही हुआ हमला
देश की नेशनल असेंबली के सदस्य विलाविसेंशियो पर बुधवार को तब हमला हुआ, जब वे उत्तरी शहर क्विटो में एक चुनावी कार्यक्रम से निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे। जैसे ही विलाविसेंशियो कार में बैठे, उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। उनके चुनावी टीम से जुड़े एक सदस्य ने स्थानीय मीडिया को बताया कि वह कार में बैठ रहे थे, तभी एक व्यक्ति आगे बढ़ा और उसने उनके सर में गोली मार दी। राष्ट्रपति गुलेर्मो लासो ने कसम खाते हुए कहा कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।