Elon Musk : टेस्ला के चीफ एलॉन मस्क के पास अपना प्रचार करने के लिए अब एक नया प्रोडक्ट है और वह ऐसा करने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। अरबपति ने अब फ्रैगरेंस बिजनेस (fragrance business) यानी सुगंध के कारोबार में कदम रख दिए हैं। उन्होंने एक परफ्यूम पेश किया है, जिसका नाम ब्रंट हेयर (Burnt Hair) है। वह इसे द बोरिंग कंपनी (The Boring Company) पर बेच रहे हैं। इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति परफ्यूम रखी गई है। इसके अलावा टैक्स और शिपिंग चार्ज भी देना होगा।
परफ्यूम की बेचीं 20,000 बोतल
इसके लॉन्च के कुछ समय बाद, मस्क इसे ट्विटर पर लाए और ऐलान किया कि अभी तक इसकी 20,000 बोतल बेची जा चुकी हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “लगभग 10 लाख डॉलर के Burnt Hair बिकने से जुड़ी मीडिया स्टोरीज छपने के लिए कल का इंतजार मत कीजिए।”
क्या ट्विटर को खरीदने में मिलेगा फायदा
मस्क मजाक में बताते हैं कि इन परफ्यूम्स को बेचने पर उन्हें कैसे ट्विटर (Twitter) को खरीदने में मदद मिलेगी। हमेशा की तरह इस बार भी नेटिजंस ने उनके नए लॉन्च पर कई प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ ने मीम तैयार कर दिए, वहीं अन्य अपनी राय देने में व्यस्त रहे।
एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “एलॉन, आप उड़ान के दौरान रॉकेट की नोक पर कुछ बर्न्ट हेयर परफ्यूम के साथ शूटिंग कर सकते हैं। एलियन आपके साथ होने वाले पहले एनकाउंटर को कभी नहीं भूलेंगे।” एक अन्य ने लिखा, “तो अब आप परफ्यूम बेचेंगे? एलॉन, मुझे लगता है कि आपको एक बार में एक बिजनेस पर फोकस करना चाहिए। रॉकेट, परफ्यूम और कार में क्या कॉमन है?”
पिछले दिनों फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मस्क ने कहा, मैं ट्विटर पर मूर्ख की भूमिका निभाता हूं और खुद को हर तरह की परेशानी का कारण बनाता हूं। मस्क के मुताबिक, ट्विटर निश्चित रूप से आपके दर्द के स्तर को बढ़ाने का निमंत्रण है।
मस्क ने फिर दिया है ट्विटर को ऑफर
मस्क ने हाल में फिर से ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया है। इधर, ट्विटर-एलन मस्क मामले में एक अमेरिकी न्यायाधीश ने मुकदमे पर रोक लगा दी है। यह रोक 28 अक्टूबर तक है। दोनों पक्ष इस बात पर विचार कर रहे हैं कि 44 अरब डॉलर के अधिग्रहण सौदे को कैसे अमलीजामा पहनाया जाए। अमेरिका में डेलावेयर चांसरी कोर्ट में न्यायाधीश कैथलीन मैककॉर्मिक ने कहा कि प्रोसीडिंग 28 अक्टूबर, 2022 को शाम 5 बजे तक रोक दी गई है, ताकि पार्टियों को मामला सुलझाने की अनुमति मिल सके।