Twitter: नए बॉस को अपनी आलोचना पसंद नहीं, ऐसे इंजीनियर्स को धड़ाधड़ नौकरी से निकाल रहे Elon Musk

एक मामले में मस्क ने एक ट्वीट के जरिए एंप्लॉयी को नौकरी से हटाने का ऐलान किया। एक दूसरे मामले में एक पूर्व एंप्लॉयी ने बताया है कि उसने सार्वजनिक रूप से मस्क को फटकार लगाई थी। उसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया

अपडेटेड Nov 15, 2022 पर 11:14 AM
Story continues below Advertisement
Elon Musk इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla के सीईओ हैं। वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उन्होंने कोर्ट के आदेश के बाद 28 अक्टूबर को Twitter को खरीदने की डील पूरी की थी।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स की कथनी और करनी में फर्क दिखता है। Elon Musk ने खुद को 'फ्री स्पीच' का पैरोकार बताया था। लेकिन, उन्होंने Twitter के उन इंजीनियर्स को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया है, जिन्होंने इस सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना की थी।

एक मामले में मस्क ने एक ट्वीट के जरिए एंप्लॉयी को नौकरी से हटाने का ऐलान किया। एक दूसरे मामले में एक पूर्व एंप्लॉयी ने बताया है कि उसने सार्वजनिक रूप से मस्क को फटकार लगाई थी। उसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया।

यह भी पढ़ें : Vedanta स्टील बिजनेस से बाहर निकलेगी, Electrosteel को बेचने का प्लान : रिपोर्ट


Eric Frohnhoefer एंड्रॉयड मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए Twitter के ऐप पर काम करते थे। रविवार को उन्होंने मस्क के एक ट्वीट को एक कमेंट के साथ रिपोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि मस्क की Twitter की टेक्निकल पार्ट की समझ गलत है। मस्क ने इस ट्वीट का जवाब दिया। उन्होंने Frohnhoefer को इस बारे में विस्तार से बताने को कहा। उसके बाद मस्क ने लिखा, "Twitter एंड्रॉयड पर बहुत स्लो चलता है। इस प्रॉब्लम को दूर करने के लिए आपने क्या किया है?"

Frohnhoefer ने कई ट्वीट कर मस्क के सवाल के जवाब दिए। इस पर एक दूसरे यूजर ने पूछा कि उन्होंने फीडबैक के बारे में अपने नए बॉस को प्राइवेटली क्यों नहीं बताया। Twitter में 8 साल से ज्यादा काम कर चुके Frohnhoefer ने जवाब दिया, "यह भी हो सकता है कि उन्हें सवाल प्राइवेटली पूछने चाहिए। Slack या Email का इस्तेमाल किया जा सकता है।"

सोमवार यानी 14 नवंबर की सुबह मस्क ने लिखा कि Frohnhoefer को नौकरी से निकाल दिया गया है। Frohnhoefer ने उस पोस्ट को रिट्वीट किया और उसमें सैल्यूट करने वाली इमोजी लगाया। इस महीने की शुरुआत में नौकरी से निकाले गए कई एंप्लॉयीज ने इस इमोजी का इस्तेमाल किया था। उनके करेंट स्टेटस के बारे में पूछने पर Twitter और Frohnhoefer ने तुरंत कोई जवाब नहीं दिए।

एक दूसरे इंजीनियर Ben Leib को भी मस्क की आलोचना करने के लिए नौकरी से निकाल दिया गया। उन्होंने भी मस्क के पोस्ट को रिट्वीट करते हुए लिखा, "मैं भरोसे के साथ कह सकता हूं कि इस व्यक्ति को उन चीजों के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जिसके बारे में वह बात कर रहा है।" Leib एक दशक से ज्यादा समय तक ट्विटर के लिए काम कर चुके हैं। उन्होंने रविवार को ब्लूमबर्ग को बताया कि उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है।

मस्क ने पिछले महीने के आखिर में Twitter का अधिग्रहण किया था। तब से इस सोशल मीडिया कंपनी में उथलपुथल मची हुई है। मस्क ने कंपनी के 7000 से ज्यादा एंप्लॉयीज में से 50 फीसदी से अधिक को नौकरी से निकाल दिया है। इनमें ज्यादातर सीनियर मैनेजर्स हैं। इस वजह से ट्विटर के एंप्लॉयीज बहुत निराश हैं।

Elon Musk इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla के सीईओ हैं। वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उन्होंने कोर्ट के आदेश के बाद 28 अक्टूबर को Twitter को खरीदने की डील पूरी की थी। उन्होंने इस साल अप्रैल में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने का ऐलान किया था। लेकिन, कुछ ही महीनों बाद यह कहते हुए डील से पीछे हट गए थे कि Twitter उन्हें कामकाज से जुड़ी अहम जानकारियां नहीं दे रही है। इसके बाद ट्विटर ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मस्क को 28 अक्टूबर तक डील पूरी करने का आदेश दिया।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Nov 15, 2022 10:50 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।