France Protests: फ्रांस की राजधानी पेरिस के उपनगर नैंटेरे (Nanterre) में हुई पुलिस फायरिंग में एक नाबालिग युवक के मारे जाने के बाद देश में हिंसा भड़क गई है। लगातार तीसरे दिन जारी हिंसा में सैकड़ों घरों पर पथराव हुआ या उनमें आग लगा दी गई है। इसके अलावा दर्जनों कारों, बसें और अन्य वाहनों को जलाकर खाक कर दिया गया है। हिंसा को नियंत्रित करने के प्रयास में 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पेरिस के बाहरी हिस्से में कर्फ्यू लगा दिया गया है। शहर में रात में ट्राम और बस सेवा को बंद कर दिया गया है। CNN के मुताबिक, 421 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। हालात पर काबू पाने के लिए सड़कों पर हजारों की संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
