लश्कर ए तैयबा के सरगना हाफिज सईद के बारे में एक बड़ी खबर सामने आई है। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हाफिज सईद पाकिस्तान में गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोली लगने से उसके राइट हैंड अबू कताल की मौत हो गई है। वहीं हाफिज सईद घायल हो गया है। कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के कोर कमांडर मंगला से मुलाकात कर लौट रहा था। तभी पंजाब के झेलम के पास उसकी कार में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। जिसमें हाफिज घायल हो गया है। उसे रावलपिंडी के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कहा जा रहा है कि जब यह घटना हुई, तब हाफिज सईद मंगला कोर के कमांडर से मिलने के बाद झेलम इलाके में लौट रहे थे। हालांकि, बैठक का सटीक स्थान के बारे में सही जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन मंगला कोर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मीरपुर जिले में मंगला छावनी में स्थित है।
26/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड है हाफिज सईद
हाफिज सईद, लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है। उसे 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है। हाफिज सईद ने 1980 के दशक में अफगानिस्तान में सोवियत संघ के खिलाफ जिहाद के दौरान अपनी आतंकी गतिविधियों की शुरुआत की थी। इसके बाद उसने 1987 में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की स्थापना की थी। जिसका मकसद भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना और कश्मीर को "आजाद" करना था। संगठन ने जल्द ही अपनी हिंसक गतिविधियों से दुनिया का ध्यान खींच लिया था। हाफिज की अगुवाई में लश्कर ने भारत में कई बड़े हमले किए। जिनमें 2001 का भारतीय संसद पर हमला, 2006 के मुंबई ट्रेन धमाके और सबसे चर्चित 26/11 मुंबई हमला शामिल हैं।
हाफिज सईद ने लाहौर से की पढ़ाई
हाफिज सईद का जन्म 1950 में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले में हुआ था। उसने पाकिस्तान के यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UET), लाहौर से अपनी पढ़ाई की थी। इसके बाद पाकिस्तान से वह सऊदी अरब चला गया। जहां उसे कट्टर इस्लामिक विचारधारा को अपनाने लगा। साल 1980 के दशक में उसने अफगानिस्तान में जिहादियों के साथ मिलकर आतंकवादी गतिविधियों की ट्रेनिंग भी ली थी।