सऊदी अरब में हज यात्रियों की मौत का आंकड़ा दिनों दिन तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताजा आकंड़ों के मुताबिक, भीषण गर्मी की वजह से 1,301 हज यात्रियों की इस साल मौत हो चुकी है। सऊदी के स्वास्थ्य मंत्री फहद बिन अब्दुर्रहमान अल-जलाजेल (Fahd bin Abdurrahman Al-Jalajel) ने बताया कि 1,301 मृतकों में से 83 फीसदी अनधिकृत तीर्थयात्री थे। ये लोग पवित्र शहर मक्का और उसके आसपास हज की रस्में निभाने के लिए भीषण गर्मी में लंबी दूरी पैदल चलकर आए थे। इनमें बड़ी संख्या में भारतीय हज यात्री भी शामिल हैं जो कुछ समय पहले ही हज के लिए सऊदी अरब रवाना हुए थे।
सरकारी टीवी अल अखबरिया (Al Ekhbariya) से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि 95 तीर्थयात्रियों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिनमें से कुछ को इलाज के लिए हवाई मार्ग से राजधानी रियाद लाया गया है। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, उन्होंने कहा कि मृत तीर्थयात्रियों की पहचान प्रक्रिया में देरी हुई। इसकी वजह ये है कि उनके के पास कोई दस्तावेज नहीं थे। उन्होंने बताया कि मृतकों को मक्का में दफनाया गया, लेकिन इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
98 भारतीय हज यात्रियों की मौत
इस साल हज के दौरान 98 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में सबसे बड़ी संख्या मिस्र के तीर्थयात्रियों की है। विदेश मंत्रालय ने इन सभी लोगों की मौत का कारण बीमारी और ज्यादा उम्र बताया है। मिस्र के 660 से अधिक हज यात्रियों की मौत हुई है। काहिरा में दो अधिकारियों ने बताया कि 31 को छोड़कर सभी लोग बिना रजिस्ट्रेशन के आए थे। अधिकारियों ने कहा कि अनधिकृत तीर्थयात्रियों के सऊदी अरब भेजने में शामिल 16 ट्रैवल एजेंसियों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। मिस्र में स्थानीय एजेंट आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को खर्च बचाने का लालच देकर टूरिस्ट वीजा पर हज करने सऊदी अरब भेज देते हैं। रजिस्ट्रेशन न होने के चलते इन यात्रियों को हज की सुविधा नहीं मिलती है। मिस्र के एक परिवार ने बताया था कि इसी तरह से हज करने गई उनके घर की महिला को मक्का की तपती गर्मी में 12 किमी पैदल चलना पड़ा था। बाद में उनकी मौत हो गई थी।
साल 2024 में 18.3 लाख से अधिक ने हज किया
सऊदी हज अधिकारियों के अनुसार साल 2024 में 18.3 लाख से अधिक मुसलमानों ने हज किया। जिसमें 22 देशों के 16 लाख से अधिक लोग और सऊदी के 2,22,000 नागरिक और निवासी शामिल थे। मक्का के अल-मआइसम इलाके में ज्यादातर लोगों की मौत हुई हैं। मिस्र ने इस साल 50,000 से ज्यादा रजिस्टर्ड तीर्थयात्रियों को सऊदी अरब भेजा है। सऊदी अरब ने इस अवैध रूप से मक्का में आए लोगों को बाहर निकाला है। लेकिन फिर भी बहुत से मक्का तक पहुंचने में कामयाब हो गए। वो लोग पैदल ही जा रहे थे। चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए उनके पास कोई होटल नहीं था।