Hindu Temple Vandalism in USA: अमेरिका में खालिस्तान समर्थकों द्वारा हिंदू मंदिरों पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर को कथित तौर पर खालिस्तान समर्थकों ने हमला किया। खालिस्तानी समर्थकों ने मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे। खालिस्तानियों की यह करतूत कैलिफोर्निया में ही स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के दो सप्ताह सामने आई है।
कैलिफोर्निया के हेवर्ड में स्थित हिंदू मंदिर पर भारत विरोधी नारे लिखने के साथ हमला किया गया है। खालिस्तानी समर्थकों द्वारा विजय के शेरावाली मंदिर (Vijay’s Sherawali Temple in California) को विरूपित करने की घटना कैलिफोर्निया में स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ के दो सप्ताह बाद हुई है। इसके अलावा उसी क्षेत्र में एक शिव दुर्गा मंदिर में चोरी भी हुई थी। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने शुक्रवार (05 जनवरी) को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कैलिफोर्निया के शेरावाली मंदिर में हुई तोड़फोड़ की जानकारी शेयर की।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तस्वीरों के साथ पोस्ट में कहा कि वह घटना के संबंध में पुलिस के संपर्क में है। फाउंडेशन ने खालिस्तान समर्थकों से बढ़ते खतरे के मद्देनजर अमेरिका में स्थित हिंदू मंदिरों से सुरक्षा कैमरे और अलार्म सिस्टम स्थापित करने की मांग की है। खालिस्तानी समर्थकों ने विजय के शेरावाली मंदिर के बाहर भारत विरोधी चित्र लगाए हैं। पिछले महीने कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर की बाहरी दीवारों पर भारत विरोधी और खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे।
इससे पहले दिसंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नेवार्क मंदिर में हुई तोड़फोड़ पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था, "मैंने समाचार देखा है। जैसा कि आप जानते हैं, हम इस बारे में चिंतित हैं। भारत के बाहर के चरमपंथियों और अलगाववादी ताकतों को जगह नहीं मिलनी चाहिए।" जयशंकर ने घटना के बारे में एक सवाल के जवाब में गुजरात के गांधीनगर में कहा, "हमारे वाणिज्य दूतावास ने (अमेरिकी) सरकार और वहां की पुलिस के पास जो कुछ भी हुआ, उसके बारे में शिकायत दर्ज कराई है और मेरा मानना है कि मामले की जांच की जा रही है।"