ब्रिटेन में प्रधानमंत्री का चुनाव अभी होने पर Liz Truss को Rishi Sunak के मुकाबले करारी हार का सामना करना पड़ेगा। टोरी पार्टी के सदस्यों के बीच हुए एक सर्वे से यह जानकारी मिली है। YouGov के पोल में शामिल 55 फीसदी टोरी मेंबर्स का कहना था कि वोटिंग का मौका एक बार फिर मिलने पर वे ऋषि सुनक के पक्ष में मतदान करेंगे। सुनक भारतीय मूल के ब्रिटिश राजनीतिज्ञ हैं। वह जॉनसन की सरकार में वित्त मंत्री थे।
इस साल पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद हुए प्रंधानमंत्री के चुनावों में लिज ट्रस जीती थीं। अंतिम दौर के मुकाबलों में सिर्फ ट्रस और ऋषि सुनक बच गए थे। ट्रस सुनक को हराकर ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनीं।
YouGov के पोल में शामिल 25 फीसदी टोरी मेंबर्स ने कहा कि वे ट्रस को फिर से वोट देंगे। एक एनालिसिस में कहा गया है, "वेस्टमिनिस्टर में चल रही उथलपुथल मीडिया की सुर्खियां बनी हुई है। कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों के बीच हुए पोल से पता चलता है कि कई सदस्यों को लिज ट्रस के पक्ष में सितंबर में मतदान करने का अफसोस है।"
इस पोल से यह भी पता चला कि कंजरवेटिव पार्टी के 55 फीसदी सदस्यों का मानना है कि कई अहम मसलों पर यू-टर्न लेने के बाद ट्रस को पार्टी के प्रमुख और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सिर्फ 38 फीसदी सदस्यों का कहना था कि ट्रस को प्रधानमंत्री पद पर बने रहना चाहिए।
पोल में शामिल सबसे ज्यादा सदस्यों की पसंद अब भी बोरिस जॉनसन बने हुए हैं। पार्टीगेट स्कैंडल सहित कुछ विवादों के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। पोल में शामिल 63 फीसदी सदस्यों ने उन्हें प्रधानमंत्री के लिए सबसे अच्छा व्यक्ति बताया। 32 फीसदी ने उन्हें अपना टॉप कैंडिडेट बताया। 23 फीसदी ने सुनक को अपना पसंद बताया।
लगातार बढ़ते दबावों के बाद ट्रस के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की स्थिति में टोरी सदस्य जॉनसन को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। हर तीन में से एक सदस्य का कहना था कि जॉनसन वह व्यक्ति हैं, जिसे वे पीएम के रूप में देखना चाहते हैं। 23 फीसदी लोगों ने सुनक को अपनी पसंद बताया। 10 फीसदी लोगों ने रक्षा मंत्री Ben Wallace का समर्थन किया।