Imran Khan Arrest: इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) के बाहर मंगलवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान (Imran Khan) की गिरफ्तारी के बाद देश की सड़कों पर बवाल मच गया है। इसके बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) समर्थकों ने पूरे पाकिस्तान में विरोध और प्रदर्शन किया। Geo News की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, कराची, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान, पेशावर और मर्दन सहित देश भर के शहरों में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच कई स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि इमरान खान के समर्थक आर्मी हेडक्वार्टर में घुस गए। इसमें कहा गया कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में प्रदर्शनकारी लाहौर में सेना के कमांडरों के घरों और रावलपिंडी में आर्मी हेडक्वार्टर में घुस गए।
कराची में नर्सरी के पास प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया और स्ट्रीट लाइटें तोड़ दीं। ऐसी खबरें थीं कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे गए। पुलिस ने रावलपिंडी के मुर्री रोड पर प्रदर्शनकारियों पर आंसूगैस के गोले भी दागे।
PTI ने ट्वीट किया "पार्टी समर्थक लाहौर, फैजाबाद, बन्नू और पेशावर की सड़कों पर "इमरान खान को रिहा करो," और "पाकिस्तान को बंद करो" के नारे लगाते हुए देखे जा सकते हैं। लाहौर के लोग लिबर्टी से लाहौर कैंट की ओर बढ़ रहे हैं।"
इमरान खान की पार्टी के ट्विटर हैंडल ने पाकिस्तानियों से घरों से बाहर आने और उनकी गिरफ्तारी का विरोध करने का आग्रह किया। इसने ट्वीट किया “पाकिस्तान, अब तुम्हारा समय है। ये अभी नहीं तो कभी नहीं वाला मौका है। लोगों को अब अपने देश की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।"
इसमें कहा गया, “ये आपका समय है, पाकिस्तान के लोगों। खान हमेशा आपके लिए खड़े रहे हैं, अब उनके लिए खड़े होने का समय आ गया है। #ReleaseImranKhan।”
इमरान खान की गिरफ्तारी की तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, "ये तस्वीर ऐतिहासिक होगा, क्योंकि हम बहुत जल्द इमरान खान को जीतते हुए देखेंगे। पाकिस्तान के लोगों को आज अपने देश की रक्षा के लिए बाहर आना चाहिए।"
इस बीच इमरान खान के वहां होने की खबरों के बीच PTI समर्थकों ने NAB अबपारा के दफ्तार का घेराव किया है।
PTI ने ट्वीट किया, “NAB अबपारा दफ्तर के बाहर लोगों को गिरफ्तार किए जाने की खबरें हैं। लोगों को NAB दफ्तर के बाहर होना चाहिए, क्योंकि PTI अध्यक्ष उनके पास ही हो सकते हैं!"
खान की गिरफ्तारी के बाद, IHC के मुख्य न्यायाधीश आमेर फारूक ने मामले का संज्ञान लिया और "15 मिनट" के भीतर इस्लामाबाद IGP और आंतरिक सचिव को तलब किया था।