पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) सत्ता से हटने के बाद लगातार भारत सरकार की नीतियों और पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की लगातार तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी की दिल खोलकर तारीफ की है। इमरान खान ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के सुप्रीमो और पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ से तुलना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पूर्व PM इमरान खान को पाकिस्तान के बाहर विदेशों में नवाज शरीफ के मालिकाना हक वाली संपत्तियों के बारे में चर्चा करते देखा गया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज के अलावा दुनिया के किसी अन्य राजनेता के पास अरबों की संपत्ति नहीं है। इमरान खान ने कहा कि कोई नहीं सोच सकता कि नवाज के पास विदेश में कितनी संपत्ति है।
उन्होंने पूर्व पाक पीएम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ''नवाज (शरीफ) के अलावा दुनिया में किसी और नेता के पास अरबों की संपत्ति नहीं है...'' इमरान ने आगे कहा, "मुझे किसी एक देश के बारे में बताइए, जिसके प्रधानमंत्री या शीर्ष नेता के पास देश के बाहर अरबों की संपत्ति हो... यहां तक कि हमारे पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री मोदी के पास भारत के बाहर कितनी संपत्ति है...?" उन्होंने आगे कहा, "कोई सोच भी नहीं सकता कि नवाज के पास विदेशों में कितनी संपत्ति है..."
पहले भी कर चुके हैं तारीफ
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इमरान खान ने भारत की तारीफ की है। इससे पहले भी वह भारत सरकार की विदेश नीतियों की कई बार सार्वजनिक तौर पर तारीफ कर चुके हैं। इमरान खान ने रूस से कम कीमत पर तेल खरीदने के लिए भारत की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार भी एक स्वतंत्र विदेश नीति की मदद से उसी पर काम कर रही थी।
इमरान खान ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (N) के नेतृत्व वाली सरकार को मुसीबत में फंसी अर्थव्यवस्था के वक्त पर सिर-कटे मुर्गे की तरह इधर-उधर भागते रहने के लिए लताड़ा था। इसके अलावा इमरान ने कहा था कि भारत एक खुद्दार देश है। कोई भी सुपरपावर उसे डिक्टेट नहीं कर सकती कि उसे क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
पूर्व पीएम ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान ने एक साथ आजादी हासिल की थी, लेकिन भारत तरक्की करते हुए कहां से कहां पहुंच गया। जबकि पाकिस्तान के साथ टॉयलेट पेपर जैसा व्यवहार किया जा रहा है।