सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) सौदे का उल्लंघन करने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और PML-N नेता शाहिद खाकान अब्बासी (Shahid Khaqan Abbasi) ने इमरान खान के दोषपूर्ण फैसलों को पाकिस्तान पर "आत्मघाती बमबारी" करार दिया।
पाक में सत्ताधारी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की ओर से यह बयान तब जारी किया गया है, जब इमरान खान के विधायक अताउल्लाह ने पाक सरकार को आत्मघाती हमले की चेतावनी दी थी। अताउल्लाह ने शहबाज शरीफ सरकार को धमकी दी है कि अगर इमरान खान को नुकसान पहुंचा तो वह आत्मघाती हमला करेंगे। पूर्व पीएम अब्बासी ने वित्तीय गड़बड़ी के लिए इमरान सरकार को दोषी ठहराया।
उन्होंने कहा कि इमरान खान ने देश से किए वादों को तोड़ दिया है। इमरान ने अपनी भ्रष्ट नीतियों के कारण देश को संकट में डाल दिया है। अब्बासी ने पाकिस्तान के लोगों से बिना किसी से डरे संकट से निपटने की अपील की। उन्होंने पूर्व इमरान सरकार पर देश के ऊर्जा क्षेत्र को तबाह करने का आरोप लगाया। अब्बासी ने ऊर्जा क्षेत्र में अपनी अक्षमता और उपेक्षा के लिए भी इमरान खान की सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। सत्ता गंवाने के बाद उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सदस्यों ने इमरान खान की गिरफ्तारी होने पर अपने कार्यकर्ताओं से मजबूत प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है।
पीटीआई की यह चेतावनी आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने इमरान की जमानत की अवधि खत्म होने पर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही थी। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर इमरान खान को गिरफ्तार किया जाता है तो वो इस पर जल्द प्रतिक्रिया दें।