Israel-Hamas War: इजराइल-हमास युद्ध में दर्जनों विदेशी सहित 2400 लोगों की मौत, जमीनी हमले की तैयारी में नेतन्याहू, पढ़ें- जंग की 10 बड़ी बातें

Israel-Hamas War: फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,200 हो गई है। जबकि घायलों की संख्या लगभग 5,600 हो गई है। वहीं, इजराइल में मरने वालों की संख्या भी 1200 तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि गाजा में 338,934 फिलिस्तीनी विस्थापित हो गए हैं

अपडेटेड Oct 12, 2023 पर 10:48 AM
Israel-Hamas War: इजराइल अब हमास के खिलाफ जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है

Israel-Hamas War: इजराइल और फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास के बीच जारी युद्ध में अभी तक 2,400 लोगों की जान चली गई है, जिसमें कई सारे विदेशी नागरिक शामिल हैं। इजराइल और हमास के बीच जारी जंग का आज छठा दिन है। इजराइल ने हमास पर अपने हमले को और तेज कर दिया है। हमास भी रह रहकर इजराइल के कुछ इलाकों में रॉकेट दाग रहा है। इजरायल और गाजा पट्टी में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तेल अवीव में इजराइल रक्षा बलों के मुख्यालय में मुलाकात की। गाजा पट्टी में कम से कम 11 संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी और कर्मी सहित 30 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें कुछ भी छात्र मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल अब हमास के खिलाफ जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है।

जंग की 10 बड़ी बातें

इजराइल बीते 7 अक्टूबर को अपने ऊपर हुए हमले का बदला लेने के लिए बीते छह दिनों से हमास के ठिकानों और गाजा पट्टी के कई अलग-अलग इलाकों पर रॉकेट दाग रहा है। इजराइल के इस जवाबी कार्रवाई में गाजा पट्टी में 1,200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है।


अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,200 हो गई है। जबकि घायलों की संख्या लगभग 5,600 हो गई है। वहीं, इजराइल में मरने वालों की संख्या भी 1200 तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि गाजा में 338,934 फिलिस्तीनी विस्थापित हो गए हैं।

इजराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति और सऊदी के प्रिंस ने फोन पर बात की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस दौरान दोनों नेताओं ने गाजा पट्टी पर हो रहे हमले की निंदा की है और कहा कि इसे रोकना होगा।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन गुरुवार को इजराइल पहुंचेंगे। वह वहां वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इजराइल को हमास के साथ युद्ध में अमेरिका का साथ मिला है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है।

इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि हमास आतंकियों ने इजराइल में सैनिकों का गला काटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने लड़के-लड़कियों के शव देखे, जिनके सिर में गोली मारी गई है। महिलाओं के साथ रेप किया गया और हमारे जवानों की गर्दन काटी गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह इजराइल के संघर्ष में शामिल नहीं हो। बाइडेन ने कहा कि हमने ईरान को साफ कर दिया है कि वह सावधान रहे। अमेरिकी यहूदी समुदाय के नेताओं से बाइडेन ने कहा कि इजराइल पर हमास का हमला हॉलोकास्ट के बाद यहूदियों के लिए सबसे खतरनाक दिन रहा।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमास के हमले में कम से कम 22 अमेरिकी नागरिकों की मौत हुई है। नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि अमेरिकी नागरिक किस तरह मारे गए हैं।

ह्यूमन राइट्स वॉच के पूर्व प्रमुख केनेथ रोथ का कहना है कि फिलिस्तीनी नागरिकों पर "अंधाधुंध और असंगत हमला" "युद्ध अपराध" हो सकता है। व्हाइट हाउस अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के उस दावे से पलट गया, जिसमें उन्होंने सिर कटे बच्चों की तस्वीरें देखने का दावा किया था।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी पहुंचे पिथौरागढ़, पार्वती कुंड में की पूजा, 4200 करोड़ रुपये की देंगे सौगात

हमास ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें एक महिला बंधक और दो बच्चों की रिहाई को दिखाया गया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का कहना है कि भोजन, ईंधन और पानी जैसी "जीवन रक्षक आपूर्ति" को गाजा में अनुमति दी जानी चाहिए।

भारत ने बुधवार को इजराइल से अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए एक विशेष अभियान 'ऑपरेशन अजय' शुरू किया, जहां फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास द्वारा शनिवार को देश पर हमला करने के बाद से युद्ध छिड़ गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।