पिछले आठ दिनों में इसराइल और हमास के बीच हिंसा (Israel Hamas War) तेज हो गई है। सालों से इस क्षेत्र की भयंकर शत्रुता को रोकने के लिए युद्धविराम लाने के नियमित राजनयिक प्रयासों के बावजूद इसके रुकने का कोई संकेत नहीं दिखा रहा है। इजरायली मीडिया के अनुसार, हमास ने गाजा से 3,350 से अधिक रॉकेट दागे हैं, जिसमें से 200 अकेले सोमवार को फायर किए गए। उधर दूसरी तरफ इजराइल के हमलों में कम से कम 130 आतंकवादी मारे गए हैं।
गाजा (Gaza) में मरने वालों की संख्या 200 को पार कर गई है, जिसमें 61 बच्चे और 36 महिलाएं शामिल हैं। जबकि इजराइल में दो बच्चों सहित 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं आधी रात के आसपास, लेबनान ने उत्तरी इजराइल की तरफ छह गोले दागे, लेकिन वे सीमा पार करने से चूक गए। इसके जवाब में इस्राइल ने लेबनान की ओर 22 गोले दागे।
Israel Palestine Conflict LIVE Updates:
- प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि फिलिस्तीनी आतंकवादियों के साथ एक हफ्ते की लड़ाई के बाद भी इजराइल गाजा पट्टी में "आतंकवादी ठिकानों पर हमला करना जारी रखेगा"। शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक के बाद एक संबोधन में, नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि इजराइल "सभी इजरायली नागरिकों को शांति और सुरक्षा वापस करने के लिए जब तक जरूरी हो तब तक काम करना जारी रखेगा।"
- गाजा पर इजराइल के हमलों के विरोध में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में इजराइली दूतावास के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों ने "इजरायल का बहिष्कार", "फिलिस्तीन में नरसंहार नहीं", "फिलिस्तीन के साथ हर कोई खड़ा है" जैसे लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दूतावास दफ्तर पहुंचने से रोक दिया।