मालदीव में जम्हूरी पार्टी (Maldives Jumhooree Party) के नेता जसीम इब्राहिम (Qasim Ibrahim) ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (President Mohamed Muizzu) से भारत (India) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से औपचारिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए राजनयिक सुलह करने का अनुरोध किया है। इब्राहिम की यह मांग चीन समर्थक माने जाने वाले मुइज्जू की उन टिप्पणियों के संदर्भ में की गई है जिसमें इस महीने की शुरुआत में उन्होंने किसी देश का नाम लिए बगैर भारत को धमकाने वाला देश बताया था।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर भारत के साथ राजनयिक विवाद के बीच 13 जनवरी को चीन की पांच दिवसीय हाई-प्रोफाइल यात्रा के बाद स्वदेश लौटने पर कहा था, "हम छोटे (देश) हो सकते हैं लेकिन इससे उन्हें हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता।"
जम्हूरी पार्टी ने यह मांग तब की है जब एक दिन पहले ही विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने सोमवार को कहा कि उसकी मुइज्जू पर महाभियोग चलाने के लिए एक प्रस्ताव रखने की तैयारी है। 45 वर्षीय मुइज्जू ने पिछले साल सितंबर में राष्ट्रपति चुनाव में भारत से अच्छे संबंध रखने वाले निवर्तमान राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को हरा दिया था।
'वॉयस ऑफ मालदीव' पोर्टल के अनुसार, जसीम ने जम्हूरी पार्टी (JP) की एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति मुइज्जू से हाल में एक इंटरव्यू के दौरान की गई विवादित टिप्पणियों के लिए भारत और पीएम मोदी से औपचारिक रूप से माफी मांगने को कहा।
महाभियोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची मुइज्जू सरकार
मालदीव सरकार ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर महाभियोग चलाने की विपक्ष की योजना के मद्देनजर संसद के स्थायी आदेशों में हुए हालिया संशोधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मीडिया में मंगलवार को आईं खबरों में यह जानकारी दी गई है। इन हालिया संशधोन के बाद महाभियोग की प्रक्रिया आसान हो गई है। अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने रविवार याचिका दायर की थी। रविवार को सदन में मुइज्जू के मंत्रिमंडल के लिए चार सदस्यों को मंजूरी देने को लेकर मतभेदों के बाद सरकार समर्थक सांसदों और विपक्षी सांसदों के बीच हाथापाई हुई थी।
मालदीव की संसद में बहुमत रखने वाले मुख्य विपक्षी दल मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने सोमवार को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के मंत्रिमंडल के तीन सदस्यों की मंजूरी रोक दी थी। इसके तुरंत बाद, एमडीपी ने घोषणा की थी कि उसने राष्ट्रपति मुइज्जू पर महाभियोग चलाने के लिए एक प्रस्ताव प्रस्तुत करने की योजना बनाई है और उसने पहले ही इसके लिए हस्ताक्षर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, सोमवार शाम तक तीनों मंत्रियों को फिर से नियुक्त कर दिया गया।