Get App

"पीएम मोदी और भारत से माफी मांगें", मालदीव के विपक्षी नेता ने राष्ट्रपति मुइज्जू से की मांग

President Mohamed Muizzu: मोहम्मद मुइज्जू ने पिछले साल सितंबर में राष्ट्रपति चुनाव में भारत से अच्छे संबंध रखने वाले इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को हरा दिया था। विपक्षी दलों मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी और डेमोक्रेट्स ने 24 जनवरी को, भारत को "दीर्घकालिक सहयोगी" बताते हुए मुइज्जू सरकार के "भारत विरोधी रुख" पर चिंता व्यक्त की थी

Akhileshअपडेटेड Jan 31, 2024 पर 10:21 AM
"पीएम मोदी और भारत से माफी मांगें", मालदीव के विपक्षी नेता ने राष्ट्रपति मुइज्जू से की मांग
विपक्ष ने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए राजनयिक सुलह करने का अनुरोध किया है

मालदीव में जम्हूरी पार्टी (Maldives Jumhooree Party) के नेता जसीम इब्राहिम (Qasim Ibrahim) ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (President Mohamed Muizzu) से भारत (India) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से औपचारिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए राजनयिक सुलह करने का अनुरोध किया है। इब्राहिम की यह मांग चीन समर्थक माने जाने वाले मुइज्जू की उन टिप्पणियों के संदर्भ में की गई है जिसमें इस महीने की शुरुआत में उन्होंने किसी देश का नाम लिए बगैर भारत को धमकाने वाला देश बताया था।

राष्ट्रपति मुइज्जू ने मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर भारत के साथ राजनयिक विवाद के बीच 13 जनवरी को चीन की पांच दिवसीय हाई-प्रोफाइल यात्रा के बाद स्वदेश लौटने पर कहा था, "हम छोटे (देश) हो सकते हैं लेकिन इससे उन्हें हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता।"

जम्हूरी पार्टी ने यह मांग तब की है जब एक दिन पहले ही विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने सोमवार को कहा कि उसकी मुइज्जू पर महाभियोग चलाने के लिए एक प्रस्ताव रखने की तैयारी है। 45 वर्षीय मुइज्जू ने पिछले साल सितंबर में राष्ट्रपति चुनाव में भारत से अच्छे संबंध रखने वाले निवर्तमान राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को हरा दिया था।

'वॉयस ऑफ मालदीव' पोर्टल के अनुसार, जसीम ने जम्हूरी पार्टी (JP) की एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति मुइज्जू से हाल में एक इंटरव्यू के दौरान की गई विवादित टिप्पणियों के लिए भारत और पीएम मोदी से औपचारिक रूप से माफी मांगने को कहा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें