उत्तर कोरिया ने परेड में बड़ी संख्या में परमाणु मिसाइलों का किया पदर्शन, तानाशाह किम जोंग उन ने अमेरिका को दी चेतावनी

उत्तर कोरिया ने परेड में बड़ी संख्या में परमाणु मिसाइलों का प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, कोरिया ने अपनी सेना की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को प्योंगयांग में व्यापक रूप से सैन्य परेड आयोजित की। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने अपनी बेटी Kim Ju Ae के साथ मिलिट्री परेड शिरकत की

अपडेटेड Feb 09, 2023 पर 4:59 PM
Kim Jong Un ने अपनी सेना को युद्ध अभ्यास का विस्तार करने और जंग की तैयारियों को मजबूत करने का आदेश दिया है

परमाणु हथियारों से लैस उत्तर कोरिया (North Korea) ने बुधवार रात राजधानी प्योंगयांग (Pyongyang) में मिलिट्री परेड के दौरान अपनी मिसाइल ताकत का प्रदर्शन किया। उत्तर कोरिया ने परेड में बड़ी संख्या में परमाणु मिसाइलों का प्रदर्शन किया। राज्य समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने अपनी सेना की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को प्योंगयांग में व्यापक रूप से सैन्य परेड आयोजित की। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने अपनी बेटी किम जू एई (Kim Ju Ae) के साथ मिलिट्री परेड शिरकत की। माना जाता है कि वंशानुगत तानाशाही में संभावित भावी नेतृत्व की कमान किम जोंग अपनी इसी बेटी को देने वाले हैं।

सरकारी मीडिया द्वारा जारी की गई तस्वीरों में उत्तर कोरिया के सबसे बड़े ICBM 11 Hwasong-17s को परेड में दिखाया गया है, जिनके बारे में संदेह है कि वे परमाणु हथियारों के साथ दुनिया में लगभग कहीं भी हमला कर सकते हैं।

Hwasong-17 का परीक्षण पहले साल 2022 में किया गया था। रॉयटर्स ने KCNA के हवाले से बताया कि ICBM ने उत्तर कोरिया की 'सर्वश्रेष्ठ' परमाणु हमला करने की ताकत को दिखाया है। न्यूज एजेंसी ने कहा कि परेड में सामरिक परमाणु यूनिट्स (Tactical Nuclear Units) भी शामिल थीं।


KimJong

अमेरिका स्थित कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के अंकित पांडा ने ट्विटर पर कहा कि यह काफी अधिक ICBM लॉन्चर हैं, जिन्हें हमने उत्तर कोरियाई परेड में पहले कभी नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह के ICBM कई घातक हथियारों से लैस हैं, तो यह संख्या मौजूदा अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणालियों को तहस-नहस करने के लिए पर्याप्त हो सकती है।

बता दें कि हाल ह ही उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी सेना को युद्ध अभ्यास का विस्तार करने और जंग की तैयारियों को मजबूत करने का आदेश दिया था। इसे उत्तर कोरिया के बढ़ते मिसाइल एवं हथियार परीक्षण कार्यक्रम से कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ते तनाव के बीच प्योंगयांग द्वारा शक्ति प्रदर्शन की एक और कवायद के रूप में देखा गया था।

उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसका मिसाइल कार्यक्रम और परमाणु हथियार विकास आत्मरक्षा के उसके संप्रभु अधिकार के अंतर्गत आते हैं। साथ ही कहा कि यह संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा शत्रुतापूर्ण नीतियों के कारण जरूरी हैं।

दक्षिण कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि किम ने सोमवार को सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के केंद्रीय सैन्य आयोग की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान, उन्होंने सशस्त्र बलों को रक्षा विकास के क्षेत्र में एक नए चरण की शुरुआत करने के लिए जीत दिलाने वाले हैरतअंगेज कारनामे दिखाने और अतुलनीय सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।