नकदी संकट से जूझ रहा पाकिस्तान (Pakistan) रूस से 50 डॉलर प्रति बैरल (crude oil at $50 per barrel) की दर से कच्चा तेल खरीदने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है। यह कीमत यूक्रेन-रूस युद्ध के कारण G-7 देशों द्वारा तय मूल्य सीमा 10 डॉलर प्रति बैरल कम है। रविवार को पाकिस्तान में प्रकाशित कुछ अखबारों में यह जानकारी दी गई। बता दें कि कच्चा तेल इस समय दुनियाभर में 82.78 डॉलर प्रति बैरल की दर से बेचा जा रहा है।
भारी कर्ज और कमजोर करेंसी के संकट से जूझ रहा पाकिस्तान रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदने के लिए उतावला है। समाचार पत्र ‘द न्यूज’ के अनुसार, रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदने के पाकिस्तान के आग्रह पर मॉस्को तभी प्रतिक्रिया देगा, जब पड़ोसी देश भुगतान का माध्यम, प्रीमियम और बीमा के साथ परिवहन दर संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर लेगा।
मॉस्को से कच्चे तेल की पहली खेप अगले महीने के अंत तक पाकिस्तान पहुंच सकती है। इसके बाद भविष्य में और बड़ा सौदा हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि रूस के बंदरगाहों से कच्चा तेल पहुंचने में 30 दिन लगेंगे। ऐसे में परिवहन लागत के कारण कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 10-15 डॉलर बढ़ जाएंगी।
समाचार पत्र 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार, रूस पहले तेल समझौता करने के संबंध में पाकिस्तान की स्थिति को लेकर चिंतित था लेकिन हाल ही में दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक के बाद मास्को ने इस्लामाबाद को शुरुआत में तेल का एक जहाज भेजने पर सहमति जताई है।
रिपोर्ट के अनुसार, चूंकि पाकिस्तान में अमेरिकी डॉलर का संकट है तो वह रूस को मित्र देशों- चीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की करेंसी में भुगतान करेगा। रूस ने पिछले साल दिसंबर में 30 फीसदी की रियायत पर कच्चा तेल देने के पाकिस्तान के आग्रह को खारिज कर दिया था।
37 संसदीय सीटों के लिए चुनाव स्थगित
इस बीच, पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने 37 संसदीय सीटों के लिए चुनाव देश के विभिन्न हाई कोर्ट के आदेशों के बाद स्थगित कर दिया। ये सीटें इमरान खान की पाकिस्तान तकरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सांसदों के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने 27 जनवरी को घोषणा की थी कि 33 सीटों पर चुनाव 16 मार्च को होंगे और इसके बाद तीन फरवरी को एक अन्य घोषणा में कहा गया कि अन्य 31 सीटों पर चुनाव 19 मार्च को होंगे।
हालांकि, पेशावर, सिंध और बलूचिस्तान के हाई कोर्ट ने अपने संबंधित प्रांतों में उपचुनावों को स्थगित कर दिया, जबकि इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के तीन सदस्यों के इस्तीफे की स्वीकृति संबंधी अधिसूचना को निलंबित कर दिया।
चुनाव आयोग ने रविवार को जारी चार अलग-अलग अधिसूचनाओं में कहा कि संबंधित अदालतों के अगले आदेश तक वह बलूचिस्तान में एक, इस्लामाबाद में तीन, सिंध में 9 और खैबर पख्तूनख्वा में 24 सीट के चुनाव स्थगित कर रहा है।