Pakistan Energy Crisis: पड़ोसी देश पाकिस्तान में बिजली का संकट गहरा गया है। इसके नेशनल ग्रिड में एक बड़ी दिक्कत के चलते देश भर में भारी कटौती हो रही है। पाकिस्तान के केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह 7:34 AM (स्थानीय समय) नेशनल ग्रिड में फ्रीक्वेंसी के भारी रिसाव की दिक्कत दिखी जिसके चलते बड़े पैमाने पर बिजली काटनी पड़ी। मंत्रालय का कहना है कि पूरी व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बिजली कटौती की समस्या से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद, कराची और लाहौर जैसे बड़े शहर भी जूझ रहे हैं। पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री खुर्रम दस्तगीर खान के मुताबिक बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने में 12 घंटे तक का समय लग सकता है।
Balochistan के 22 जिले बिना बिजली के
क्वेटा इलेक्ट्रिक सप्लाई कंपनी (QESCO) के गुड्डू से क्वेटा के बीच दो ट्रांसमिशन लाइन ट्रिप्ड हो गई यानी कि पॉवर सप्लाई बंद हो गई। पाकिस्तान की मीडिया जियो न्यूज के मुताबिक कंपनी का कहना है कि क्वेटा समेत बलोचिस्तान के 22 जिलों में अब बिजली ही नहीं है। पिछले साल अक्टूबर में भी पाकिस्तान में भारी बिजली संकट खड़ा हो गया था। उस समय कराची और लाहौर जैसे बड़े शहरों को 12 घंटे से अधिक समय तक बिना बिजली के गुजारना पड़ा था।
पाकिस्तान के पॉवर मिनिस्टर खुर्रम दस्तगीर ने राष्ट्रीय टीवी चैनल को बताया कि जब मंगलवार को सिस्टम को चालू किया गया तो जमशोरो और दादू शहरों के बीच पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में फ्रीक्वेंसी में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। वोल्टेज बहुत ऊपर-नीचे हो रहा था तो सिस्टम को एक के बाद एक करके बंद कर दिया है। हालांकि उन्होंने इसे बहुत बड़ी समस्या नहीं कहा और बताया कि कुछ ग्रिड को सही किया जा चुका है।