पाकिस्तान हुआ कंगाल! PM शहबाज शरीफ बोले- लोगों को सस्ता आटा दिलाने के लिए अपने कपड़े बेच दूंगा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खैबर पख्तूनख्वा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा है कि अगर 24 घंटे के अंदर देश में गेहूं की कीमतों कम नहीं होती हैं तो वे कल से कपड़ा बेचना शुरू कर देंगे और लोगों को सस्ता आटा उपलब्ध कराएंगे

अपडेटेड May 30, 2022 पर 3:38 PM
Shehbaz Sharif ने कहा कि मैं अपनी जान की बाजी लगाकर देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाऊंगा

Pakistan Economic Crisis: पाकिस्तान इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। पाकिस्तान में लगातार गेहूं सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता त्रस्त है। बढ़ती महंगाई के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Pakistan PM Shehbaz Sharif) ने एक अजीबोगरीब बयान दिया है।

शरीफ ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह जनता को सस्ता आटा उपलब्ध कराने के लिए अपने कपड़े तक बेचने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपनी जान की बाजी लगा दूंगा, लेकिन देश को समृद्धि और विकास के रास्ते पर आगे ले जाऊंगा।

शहबाज शरीफ रविवार को ठाकारा स्टेडियम में एक जनसभा संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) के मुख्यमंत्री महमूद खान (Mahmood Khan) को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अगले 24 घंटे में 10 किलो वाले आटा पैकेट का दाम 400 रुपये नहीं किया गया तो वह अपने कपड़े बेच डालेंगे और खुद ही जनता को सस्ता आटा मुहैया कराएंगे।


ये भी पढ़ें- Modi Govt 8 years: कोरोना महामारी के बाद लोकप्रियता के शिखर पर पहुंची मोदी सरकार

पाकिस्तानी अखबार डॉन (Dawn) के मुताबिक, शरीफ ने कहा, 'मैं अपनी बात को दोहरा रहा हूं, मैं अपने कपड़े बेच दूंगा और लोगों को सस्ता गेहूं का आटा मुहैया कराउंगा।' शरीफ ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पाकिस्तान को अब तक की सबसे ज्यादा महंगाई और बेरोजगारी का तोहफा दिया है।

पाकिस्तानी पीएम ने लोगों से कहा कि में घोषणा करता हूं कि अपनी पूरी जिंदगी इस देश के लिए कुर्बान कर दूंगा। उन्होंने कहा कि इस मुल्क को समृद्धि और विकास के रास्ते पर खड़ा करके ही दम लूंगा। शहबाज ने इमरान के नेतृत्व वाली सरकार की निंदा करते हुए कहा कि हालांकि खान ने 50 लाख घर और एक करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन वह विफल रहे। उन्होंने कहा कि इमरान ने देश को आर्थिक संकट में धकेल दिया।

बलूचिस्तान चुनावों को लेकर शरीफ ने कहा कि लोगों ने उन पर विश्वास किया। हमारे पक्ष में मतदान करने के लिए लोग बाहर आए। उन्होंने कहा कि ऐसा बहुत कम होता है कि बलूचिस्तान के लोग मतदान केंद्रों पर उमड़ पड़ें। मुझे उम्मीद थी कि वोटिंग 30 से 35 फीसदी के बीच रहेगा, जो लोकतंत्र और कानून व्यवस्था में सुधार में लोगों का विश्वास है। रैली के दौरान शहबाज ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की खूब तारीफ की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।