Credit Cards

रूस के बाद ऑस्ट्रिया में भी 'मोदी-मोदी', ऑस्ट्रियाई चांसलर ने पीएम के साथ ली सेल्फी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

PM Modi Visit Austria: यह 40 वर्ष से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा है। इससे पहले 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस देश की यात्रा की थी। पीएम मोदी बुधवार को ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे। फिर ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता करेंगे

अपडेटेड Jul 10, 2024 पर 11:15 AM
Story continues below Advertisement
PM Modi Visit Austria: रूस की दो-दिवसीय यात्रा के बाद पीएम नरेंद्र मोदी वियना पहुंचे हैं

PM Modi Visit Austria: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस की दो-दिवसीय यात्रा के बाद अब ऑस्ट्रिया पहुंच चुके हैं। चार दशक से अधिक समय के अंतराल के बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी की पूरी क्षमता को साकार करने के लिए ऐतिहासिक यात्रा पर वियना पहुंचा है। ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री अलेक्जेंडर शेलेनबर्ग ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान वियना में प्रवासी भारतीयों की भीड़ ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए। ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी ली। वहीं, पीएम का इंतजार कर रहे भारतीयों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

यह 40 वर्ष से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा है। इससे पहले 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस देश की यात्रा की थी। पीएम मोदी बुधवार को ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे। फिर ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता करेंगे।

पीएम मोदी और नेहमर भारत तथा ऑस्ट्रिया के उद्योगपतियों को संबोधित भी करेंगे। पीएम मोदी के इस यात्रा के दौरान दोनों देश अपने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने तथा कई भू-राजनीतिक चुनौतियों पर निकट सहयोग के तरीकों पर विचार करेंगे।


स्वागत की तस्वीरें शेयर करते हुए पीएम मोदी ने X पर कहा, "वियना पहुंच गए। ऑस्ट्रिया की यह यात्रा विशेष है। हमारे देश साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं। चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता और भारतीय समुदाय के साथ संवाद सहित ऑस्ट्रिया में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उत्सुक हूं।"

'वंदे मातरम' से स्वागत

वियना में ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में 'वंदे मातरम' गाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "ऑस्ट्रिया अपनी जीवंत संगीत संस्कृति के लिए जाना जाता है। वंदे मातरम के इस अद्भुत गायन के माध्यम से मुझे इसकी झलक मिली।"

नेहमर ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर अपनी और पीएम मोदी की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "वियना में आपका स्वागत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी! ऑस्ट्रिया में आपका स्वागत करना हमारे लिए खुशी और सम्मान की बात है। ऑस्ट्रिया और भारत मित्र और साझेदार हैं। मैं आपकी यात्रा के दौरान हमारी राजनीतिक और आर्थिक चर्चाओं की प्रतीक्षा कर रहा हूं!" प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रियाई चांसलर को 'गर्मजोशी से स्वागत के लिए' धन्यवाद दिया और कहा कि वह 'कल की हमारी चर्चाओं की भी प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमारे देश वैश्विक भलाई को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।'

रूस में भी मोदी का मेगा वेलकम

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को रूस की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद ऑस्ट्रिया के लिए रवाना हो गए। रूस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने ऊर्जा, व्यापार, मैन्युफैक्चरिंग तथा उर्वरक जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को रूस की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू की थी। यह यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से उनकी पहली रूस यात्रा थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।