PM Modi US Visit: अमेरिका की धरती पर पहुंचे पीएम मोदी, गर्मजोशी से स्वागत, लहराया तिरंगा

PM Modi America Visit: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के बाद अमेरिका की धरती पर कदम रख चुके हैं। पीएम मोदी दो दिवसीय अमेरिकी की यात्रा पर हैं। यहां पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी और ट्रंप के बीच कारोबार, रक्षा और ऊर्जा सहयोग जैसे कई मुद्दों पर बातचीत हो सकती है

अपडेटेड Feb 13, 2025 पर 8:44 AM
Story continues below Advertisement
PM Modi America Visit: पीएम मोदी फ्रांस दौरे के बाद वॉशिंगटन डीसी पहुंच गए हैं। भारत-अमेरिका के बीच संबंधों में मजबूती की उम्मीद जताई जा रही है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस का अपना 3 दिन का दौरा खत्म करने के बाद बुधवार (12 फरवरी) को अमेरिका पहुंच गए हैं। जहां पर वो डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी जब अमेरिका के जॉइंट एंड्रयूज बेस पहुंचे तो यहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी एक झलक पाने के लिए भारतीय समुदाय के कई लोग ठंडी हवाओं और बारिश में भी डटे रहे। पीएम मोदी ब्लेयर हाउस में रुके हुए हैं। इसे भारतीय तिरंगे से सजाया गया है। बता दें कि ब्लेयर हाउस अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक गेस्ट हाउस है।

पीएम मोदी के विमान के पहुंचने से पहले भारतीय समुदाय के लोग उनके स्वागत के लिए पहुंच गए थे। भारतीय प्रवासी समुदाय के एक शख्स ने कहा कि वो पीएम मोदी के स्वागत के लिए बेहद उत्साहित है। पीएम मोदी ने वॉशिंगटन पहुंचने के बाद एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि कुछ समय पहले ही वॉशिंगटन डीसी पहुंचा हूं। इस दौरान मैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकता होगी।

पीएम मोदी ने अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक से की मुलाकात


अमेरिका पहुंचने के बाद अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड के साथ मुलाकात की है। पीएम मोदी ने कहा कि वॉशिंगटन डीसी में तुलसी गबार्ड से मुलाकात में उनको बधाई दी और उनसे भारत-अमेरिका मित्रता के कई पहलुओं पर चर्चा की। वह हमेशा से दोनों देशों में बेहतर रिश्ते की की समर्थक रही हैं। नरेंद्र मोदी अपने इस दौरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक करेंगे। गुरुवार को दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बाद व्हाइट हाउस में मेहमान बनने वाले नरेंद्र मोदी तीसरे विदेशी नेता हैं। नरेंद्र मोदी का यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों के लिए खास अहमियत रखता है। पीएम मोदी और ट्रंप के बीच कारोबार, रक्षा और ऊर्जा सहयोग जैसे कई मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।

स्वागत के लिए धन्यवाद - पीएम मोदी

नरेंद्र मोदी का अमेरिका पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि सर्दी के मौसम में गर्मजोशी से स्वागत! ठंड के मौसम के बावजूद वॉशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही खास स्वागत किया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। मैं प्रेसीडेंट ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। हम लोगों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

तुलसी गबार्ड होंगी अमेरिका की नई नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर, सीनेट ने नियुक्ति को दी मंजूरी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।