Russia Ukraine Conflict: पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन अपने पड़ोसी देश रूस के सैन्य अभियान (Russia Attacks Ukraine) से बहुत बुरी तरह प्रभावित है। इस बीच भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने छात्रों सहित अपने नागरिकों को बुधवार को सलाह दी कि अपनी रक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वे तुरंत खार्किव शहर को छोड़ दें और जल्द से जल्द पेसोचिन, बाबाये और बेजलीयुदोव्का पहुंचें ।
भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, "हर परिस्थिति में वे इन जगहों पर आज यूक्रेन के समय के अनुसार छह बजे (1800) तक पहुंच जाएं ।"
दूतावास ने कहा कि खार्किव में सभी भारतीयों के लिए जरूरी एडवाइजरी है कि वे अपनी रक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल खार्किव छोड़ दें और जल्द से जल्द पेसोचिन, बाबाये और बेजलीयुदोव्का पहुंचें ।
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की है, जब यूक्रेन पर रूस के हमले के कारण इस पूर्वी यूरोपीय देश में हालात बेहद खराब हो गए हैं। खासतौर पर खार्किव पर हमले तेज होने की खबरें आ रही हैं ।
यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में क्षेत्रीय पुलिस और खुफिया मुख्यालय पर हुए हमले का एक वीडियो ऑनलाइन शेयर हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि एक इमारत की छत विस्फोट से उड़ गई और उसकी ऊपरी मंजिल पर आग लग गई है।
भारत ने यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को देश वापस लाने के लिए "ऑपरेशन गंगा" शुरू किया है। इसके तहत भारतीयों को जमीनी सीमा चौकियों के जरिए यूक्रेन से निकलने के बाद हंगरी, रोमानिया, पोलैंड और स्लोवाकिया से हवाई मार्ग से स्वदेश लाया जा रहा है।