Russia-Ukraine Conflict: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में 'सैन्य अभियान' (Military operation) की घोषणा कर दी है। पुतिन ने यूक्रेन में 'सैन्य अभियान' की घोषणा करते हुए यूक्रेन की सेना से हथियार डालने का आह्वान किया। उन्होंने एक टेलीविजन संबोधन के दौरान यह घोषणा उस समय की जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन मामले पर उनसे सब्र रखने की गुजारिश की।
इससे पहले यूक्रेन की संसद ने रूस के साथ जारी तनाव के बीच 24 फरवरी से देश में आपातकाल लागू करने के विधेयक का समर्थन किया था। पुतिन की घोषणा के तुरंत बाद यूक्रेन की राजधानी कीव और कई अन्य शहरों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई।
कीव से लाइव रिपोर्टिंग कर रहे एक CBS पत्रकार ने एक लाइव टेलीकास्ट के दौरान कहा कि उसने पांच जोरदार धमाकों की आवाज सुनी है। अपनी रिपोर्ट के बीच में वह ऊपर से एक लड़ाकू जेट की आवाज सुनी। वह एक पल के लिए रुक गया और कहा कि यह एक लड़ाकू जेट की तरह लग रहा है।
पुतिन बोले- यूक्रेन पर कब्जे की कोई योजना नहीं
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह टेलीविजन पर देश के नाम एक संदेश में कहा कि रूस की यूक्रेन पर कब्जे की कोई योजना नहीं है। विशेष सैन्य अभियान के ऐलान वाले अपने बयान में पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के लोग ये चुनाव कर सकेंगे कि उनके देश को कौन चलाता है। अपने संबोधन के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के सैनिकों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "यूक्रेन में (विशेष मिलिट्री ऑपरेशन की) हमारी योजनाओं में यूक्रेन के क्षेत्र पर कब्जा करना शामिल नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "जो कोई भी हमारे साथ हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है या हमारे लोगों के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।"
पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में तैनात सैनिकों से कहा कि वे अपने हथियार डालकर, वापस अपने घरों को चले जाएं। उन्होंने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो जो भी खून बहेगा, इसके लिए वह जिम्मेदार होगा। रूसी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय और सच्चाई रूस की ओर है।
उन्होंने सीधे तौर पर अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी रूस को लेकर कार्रवाई करता है तो मास्को इस पर प्रतिक्रिया देने में देर नहीं करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा है। पुतिन के यूक्रेन में 'मिलिट्री ऑपरेशन' की घोषणा के बाद कीव में एक धमाका सुना गया है।
बीबीसी ने बताया कि हम यूक्रेन के अन्य हिस्सों में कुछ अपुष्ट विस्फोटों की रिपोर्ट सुन रहे हैं। राजधानी कीव में और साथ ही डोनेट्स्क क्षेत्र में क्रामाटोरस्क में जोरदार धमाका हुआ। लेकिन सोशल मीडिया पर उत्तर-पूर्व में यूक्रेन के खार्कि, दक्षिण में ओडेसा और पूर्वी डोनेट्स्क ओब्लास्ट क्षेत्र में विस्फोटों की खबरें भी आई हैं।
यूक्रेनी सैनिकों से हथियार डालने का किया आग्रह
रिपोटरें में यह भी कहा गया है कि पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में यूक्रेनी सैनिकों से हथियार डालने और अपने घरों को लौटने का आग्रह किया है। UN में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि इस हमले से होने वाली मौतों और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार है। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। दुनिया इसके लिए रूस को जवाबदेह ठहराएगी।
बाइडेन ने कहा कि मैं आज शाम व्हाइट हाउस से स्थिति की निगरानी करूंगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट प्राप्त करूंगा। कल, मैं सुबह अपने G7 समकक्षों से मिलूंगा... हम अपने NATO सहयोगियों के साथ समन्वय करेंगे।