Russia-Ukraine Conflict: यूक्रेन की राजधानी कीव में कर्फ्यू, चेर्नोबिल के पास जारी है लड़ाई, पढ़ें दिनभर के बड़े अपडेट्स

Russia-Ukraine Conflict LIVE Updates: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में 'सैन्य अभियान' की घोषणा की, उन्होंने यूक्रेन की सेना से हथियार डालने को कहा है

अपडेटेड Feb 24, 2022 पर 9:29 PM
50 रूसी सैनिक मारे गए और चार टैंक नष्ट किए

Russia-Ukraine Conflict LIVE Updates: यूक्रेन-रूस अब जंग के बेहद करीब पहुंच गए हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने पूर्वी यूक्रेन में अलगाववादियों के कब्जे वाले क्षेत्र डोनाबास की रक्षा के लिए सैन्य कार्रवाई (military operation) का ऐलान कर दिया है। न्यूज़ एजेंसी AFP के मुताबिक, पुतिन ने अपने बयान में यह भी कहा है कि यूक्रेन-रूस युद्ध को अब और टाला नहीं जा सकता है। यही नहीं पुतिन ने यूक्रेन की सेना को हथियार डालने को भी कहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन के खिलाफ एक स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन लॉन्च कर रहा है। इसका लक्ष्य पूर्वी यूक्रेन के दो हिस्सों (डोनाबास और लुहान्स्क) से यूक्रेनी सेना को हटाना है। पुतिन की तरफ से यूक्रेन की सेना को कहा गया है कि वह हथियार डाले और अपने घर जाए। हालांकि, इस दौरान रूसी राष्ट्रपति ने ये भी साफ किया कि उनके इस सैन्य अभियान का मकसद यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है।

Russia Ukraine War Updates:


09:25 PM- यूक्रेन की राजधानी कीव में मेयर ने कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।

07:52 PM- न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर सकते हैं।

06:48 PM- AFP न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यूक्रेन सैन्य विमान 14 लोगों के साथ कीव के पास दुर्घटनाग्रस्त।

05:42 PM- रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन की सेना का कहना है कि रूस ने यूक्रेन पर 30 से ज्यादा हमलों के साथ नागरिक और सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया, इनमें कलिब्र क्रूज मिसाइल से भी हमला किया गया है।

05:40 PM- यूके के प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि आज अपने सहयोगियों के साथ, हम रूसी अर्थव्यवस्था को झटका देने के लिए समय पर तैयार किए गए आर्थिक प्रतिबंधों के एक बड़े पैकेज पर सहमत हुए। हमें रूसी तेल और गैस पर अपनी निर्भरता को भी सामूहिक रूप से कम करना चाहिए, जिसके कारण लंबे समय से पुतिन ने पश्चिमी राजनीति पर अपनी पकड़ बना ली है।

05:18 PM- AFP के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के ओडेसा के पास हमले में 18 की मौत।

04:54 PM- राजधानी कीव में यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय की यूनिट के क्षेत्र से धुआं उठता दिखा है।

04:41 PM- AFP के मुताबिक, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने यूक्रेन पर हमले को लेकर रविवार को आपातकालीन संसदीय बैठक बुलाई। उन्होंने कहा, पुतिन 'यूरोप में शांति को खतरे में डाल रहे हैं।'

04:40 PM- विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर ने कहा कि यूरोपीय संघ के HRVP जोसेप बोरेल फोंटेल्स से फोन पर बात हुई। यूक्रेन में गंभीर स्थिति और भारत कैसे डी-एस्केलेशन प्रयासों में योगदान दे सकता है, इस बारे में चर्चा की।

04:38 PM- विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने यूक्रेन में मलयाली छात्रों से फोन पर बात की। यूक्रेन के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले भारतीय छात्रों ने हमें बताया कि उन्हें खाना, पानी और बिजली मिल रही है। छात्र और अभिभावक घबराएं नहीं। सरकार ने इराक जैसी जगहों से भी भारतीयों को वापस लाए हैं।

उन्होंने आगे कहा, "विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है इसलिए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। केंद्र सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।"

04:28 PM- AP की रिपोर्ट के मुताबिक, NATO के दूत यूक्रेन और रूस के पास अपने पूर्वी तट पर वायु, थल और समुद्री सेनाओं को मजबूत करने के लिए सहमत हैं।

04:17 PM- यूक्रेन में भारतीय राजदूत ने एक बयान जारी कर कहा, "कीव में दूतावास खुला है और काम कर रहा है। हम इस कठिन परिस्थिति का समाधान खोजने के लिए मिशन मोड पर काम कर रहे हैं।"

03: 30 PM- यूक्रेन ने रूस से तोड़े राजनयिक संबंध

AFP न्यूज एजेंसी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के हवाले से कहा कि यूक्रेन ने रूस के साथ सभी राजनयिक संबंध तोड़ दिए हैं।

03:19 PM- 50 रूसी सैनिक मारे गए और चार टैंक नष्ट किए: यूक्रेन

यूक्रेन की सैन्य कमान ने गुरुवार को कहा कि मॉस्को समर्थित विद्रोहियों के साथ सीमा पर एक शहर पर हमले को टालते हुए सरकारी बलों ने "लगभग 50 रूसी सैनिकों" को मार डाला। यूक्रेन की सेना ने यह भी कहा है कि उसने पूर्वी शहर खार्किव के पास एक सड़क पर चार रूसी टैंकों को भी नष्ट कर दिया था।

सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने ट्विटर पर कहा, "Shchastya नियंत्रण में है। 50 रूसी कब्जेदार मारे गए। एक दूसरे रूसी विमान को क्रामटोर्स्क जिले में नष्ट कर दिया गया। यह छठा है।"

03:02 PM- 'रूस को उन लोगों से बचा रहे हैं, जिन्होंने यूक्रेन को बंधक बना लिया'

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वर्तमान घटनाओं का यूक्रेन और यूक्रेनी लोगों को नुकसान पहुंचाने की इच्छा से कोई लेना-देना नहीं है। वे रूस को उन लोगों से बचा रहे हैं, जिन्होंने यूक्रेन को बंधक बना लिया है और हमारे देश के खिलाफ इसका इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुतिन आगे कहा कि जब USSR बनाया गया था या WW2 के बाद, उन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से, जो आज के यूक्रेन का हिस्सा हैं, उनसे यह नहीं पूछा गया कि वे अपने जीवन का निर्माण कैसे करना चाहते हैं। आज के यूक्रेन में रहने वाले लोग, जो कोई भी ऐसा करना चाहता है, वे खुले तौर पर इसका चुनाव कर सकते हैं।

02:44 PM- यूक्रेन पर रूस का हमला 'क्रूर': ऑस्ट्रेलिया के प्रधान मंत्री

ऑस्ट्रेलिया के प्रधान मंत्री स्कॉट मॉरिसन ने 25 और व्यक्तियों और चार वित्तीय संस्थानों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को "क्रूर" और "अकारण" बताया। मॉरिसन ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम यूक्रेन में एकतरफा शत्रुतापूर्ण कार्रवाई की निंदा करते हैं। रूस खुले तौर पर अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन कर रहा है। रूस ने युद्ध को चुना है।"

भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ इगोर पोलिखा ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के ख़िलाफ यूद्ध की घोषणा कर दी है। यह जबरदस्त आक्रामकता का मामला है, जो सुबह 5 बजे शुरू हुआ। यूक्रेन अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा और इस युद्ध को जीतेगा।

रॉयटर्स के मुताबिक यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव का कहना है कि जो कोई भी हथियार रखने के लिए तैयार और सक्षम है, वह टेरिटोरियल डिफेंस फोर्स के रैंक में शामिल हो सकता है।

कल G7 नेताओं के साथ बैठक करेंगे बाइडन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि कल, मैं G7 के नेताओं के साथ बैठक करूंगा, और संयुक्त राज्य अमेरिका और हमारे सहयोगी रूस पर गंभीर प्रतिबंध लगाएंगे। हम यूक्रेन और यूक्रेन के लोगों को समर्थन और सहायता देना जारी रखेंगे।

यूक्रेन बॉर्डर पर किसी ने नहीं रोका- रूस का दावा

रूसी सेना का दावा है कि यूक्रेन की सीमा पर उन्हें किसी ने नहीं रोका और न ही बार्डर गार्ड्स ने उनका विरोध किया। रूसी सेना ने गुरुवार को एक बयान में दावा किया कि यूक्रेन की बॉर्डर सर्विस ने यूक्रेनी क्षेत्र पर हमला करने वाली रूसी सेना को "कोई प्रतिरोध नहीं दिया।" बयान में यह भी दावा किया गया कि रूसी सेना ने यूक्रेन के एयर डिफेंस को भी नष्ट कर दिया था।

उसी बयान में, रूसी सेना ने यूक्रेनी बलों के उन दावों का भी खंडन किया, जिसमें उन्होंने कई रूसी विमानों को मार गिराने का दावा किया था। रूस ने कहा कि रिपोर्ट "वास्तविकता के अनुरूप नहीं है।" यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने पहले कहा था कि गुरुवार तड़के पांच रूसी विमानों और एक हेलीकॉप्टर को मार गिराया गया, क्योंकि रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमला किया था।

पांच रूसी विमानों और एक हेलीकॉप्टर मार गिराए- यूक्रेन

रूस की तरफ से देश के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के तुरंत बाद यूक्रेन की सेना ने गुरुवार को लुहान्स्क क्षेत्र में पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकॉप्टर को मार गिराने का दावा किया।

- बेलारूस बॉर्डर के जरिए यूक्रेन पहुंच रहे टैंक

CNN के मुताबिक, लाइवस्ट्रीम वीडियो में टैंक और दूसरे बख्तरबंद वाहनों को बेलारूस के साथ सीमा पार से यूक्रेन में प्रवेश करते दिखाया गया है। यह वीडियो बेलारूस के वेसेलोव्का के साथ सेनकिवका, उरकेन क्रॉसिंग पर लिया गया था, जिसे स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 6:48 बजे शूट किया गया था। एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने गुरुवार को कहा अमेरिकी रक्षा विभाग बेलारूस से यूक्रेन में सैनिकों की कथित घुसपैठ पर नजर रख रहा है। सूत्र ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि सैनिक केवल रूसी थे या उसमें बेलारूस के सैनिक भी थे।

इसके कुछ घंटे पहले यूक्रेन के राष्टपति Volodymyr Zelenskyy ने कहा था कि यूक्रेन को रूस से कोई खतरा नहीं है। उसने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिससे रूस को डरना चाहिए। एक भावनात्मक अपील में रूसी भाषा में Zelenskyy ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि – आपको ये बताया जा रहा है कि यूक्रेन रूस के लिए एक खतरा हो सकता है। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि न पहले ऐसा था न अब ऐसा है। और न ही भविष्य में यूक्रेन रूस के लिए खतरा बनेगा। आपको नाटो से सिक्योरिटी की गारंटी चाहिए और मुझे रूस से अपनी सिक्योरिटी गारंटी चाहिए।

Brent oil की कीमतें 8 साल बाद फिर 100 डॉलर के पार, Ukraine crisis गहराने से बढ़ी कीमतें

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने मॉस्को के इस दावे का भी खंडन किया है कि उनका देश रूस के लिए खतरा है और चेतावनी दी है कि रूसी हमले से हजारों लोगों की जान चली जाएगी। इधर व्हाइट हाउस ने बुधवार को चेतावनी दी कि अगर मास्को यूक्रेन पर हमला करता है तो पुतिन को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस बीच, यूक्रेन में मौजूदा स्थिति को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UN Security Council) की एक इमरजेंसी सेशन (emergency session चल रहा है। इधर पुतिन ने रूसी सेना को यूक्रेन के अलग-अलग क्षेत्रों में भेजने का आदेश दिया है। UN में रूस के प्रतिनिधि ने कहा है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।