Russia-Ukraine Crisis: रूस-यूक्रेन विवाद को अकेले 6 भाषाओं में कवर कर रहा ये रिपोर्टर, 55 लाख से अधिक बार देखा गया वीडियो

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के दोनेत्स्क और लुहांस्क गणराज्य के क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने के आदेश पर सोमवार को हस्ताक्षर कर दिए जिससे मॉस्को के यूक्रेन पर आक्रमण करने की आशंका बढ़ गई है

अपडेटेड Feb 22, 2022 पर 4:24 PM
Story continues below Advertisement
पत्रकार द्वारा रूस-यूक्रेन सीमा पर बढ़ते तनाव की कवरेज को उसके बहुभाषी कौशल के कारण सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है

Russia-Ukraine Crisis LIVE Updates: एक पत्रकार द्वारा रूस-यूक्रेन सीमा पर बढ़ते तनाव की कवरेज को उसके बहुभाषी कौशल (multilingual skills) के कारण सोशल मीडिया पर उसकी खूब तारीफ हो रही है। द एसोसिएटेड प्रेस ग्लोबल मीडिया सर्विसेज के रिपोर्टर फिलिप क्रॉथर (Philip Crowther) को छह भाषाओं (अंग्रेजी, लक्जमबर्ग, स्पेनिश, पुर्तगाली, फ्रेंच और जर्मन) में धाराप्रवाह बोलने के लिए जाना जाता है।

रिपोर्टर फिलिप क्रॉथर ने सोमवार को छह भाषाओं में अपने रिपोर्टिंग का एक वीडियो शेयर किया। वह वर्तमान में यूक्रेन की राजधानी कीव में है और वहां रूस-यूक्रेन संकट की रिपोर्ट कर रहे हैं। उनके छह भाषाई कवरेज वाला 59 सेकंड के वीडियो में उन्हें विभिन्न समाचार संगठनों के लिए रिपोर्टिंग करते हुए दिखाया गया है, जिसे 55 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। दर्शकों ने छह भाषाओं में सहजता से बोलने के लिए उनकी प्रशंसा की।

बता दें कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन के दोनेत्स्क (Donetsk) और लुहांस्क (Lugansk) गणराज्य के क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने के आदेश पर सोमवार को हस्ताक्षर कर दिए जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और मॉस्को के यूक्रेन पर आक्रमण करने की आशंका बढ़ गई है। पुतिन ने इन इलाकों में रूसी सैनिकों को जाने का भी आदेश दे दिया है। पश्चिम देशों की चेतावनी के बावजूद कि इस कदम से रूस पर व्यापक प्रतिबंध लग सकते हैं।


ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Crisis: रूस ने यूक्रेन के दो अलगाववादी क्षेत्रों को दी स्वतंत्र देश की मान्यता, पुतिन ने सेना भेजने का दिया आदेश

पुतिन ने जिस शासनादेश पर हस्ताक्षर किए हैं उसके मुताबिक़ रूसी सेनाएं दोनेत्स्क और लुहांस्क में शांति कायम करने का काम करेंगी। उन्होंने सोमवार को पूर्वी यूक्रेन के इन क्षेत्रों में सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया। हालांकि, आशंका है कि रूसी सेनाएं जल्द ही सीमा पार कर लेंगी।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने यूक्रेन के दोनेत्स्क और लुहांस्क क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने के रूस के फैसले पर सोमवार को गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि मॉस्को का फैसला यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता एवं संप्रभुत्ता का उल्लंघन है तथा संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के सिद्धांतों के विरुद्ध है।

वहीं, अमेरिका ने इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह फैसला मिंस्क समझौतों के तहत रूस की प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह खारिज करता है और रूस के इस दावे के विरोधी है कि वह कूटनीति के लिए प्रतिबद्ध है। अमेरिका ने कहा कि यह यूक्रेन की संप्रभुत्ता और क्षेत्रीय अखंडता पर साफ तौर पर हमला है।

इस बीच, ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जावेद ने दावा किया है कि यूक्रेन पर रूस का हमला शुरू हो चुका है और इसे ध्यान में रखते हुए अब ब्रिटेन रूस पर प्रतिबंध लगाएगा। स्काई न्यूज़ से बातचीत में जावेद ने कहा कि आप यह निष्कर्ष निकाल सकते हैं कि रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण शुरू कर दिया है।

इसके अलावा रूस-यूक्रेन सीमा पर बढ़ते तनाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा कि सभी देशों के वैध सुरक्षा हितों को ध्यान में रखते हुए तनाव को कम करना तत्काल प्राथमिकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।