Russia-Ukraine War : यूक्रेन ने एक बार फिर से अपनी राजधानी कीव पर कंट्रोल हासिल कर लिया है। शांति वार्ता (peace talks) में आगे सुधार होने की संभावनाओं के बीच यूक्रेन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। इस बीच, यूक्रेन के पोर्ट शहर ओडेसा (Odesa) कई धमाकों की खबर है।
रॉयटर्स ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से बताया, रविवार की सुबह यूक्रेन के दक्षिणी पोर्ट शहर ओडेशा में कई धमाके हुए हैं। चारों तरफ धुआं-धुआं दिख रहा है। इससे पहले ब्रिटेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने अपने डेली इंटेलिजेंस अपडेट में कहा, रूस की हवाई गतिविधियां पिछले हफ्ते से दक्षिणी-पूर्वी यूक्रेन में बढ़ गई हैं। वह देश के दूसरे हिस्सों में मोर्चे खोलने की कोशिश कर रहा है।
कीव के पास स्थित शहर में मिली 300 लोगों की कब्र
रूस से कब्जे में लिए गए एक अहम शहर बूशा (Bucha) में 300 लोगों की सामूहिक कब्र मिलने की खबर है। यह शहर कीव के पास ही स्थित है। बूशा के मेयर एंटोली फेडोरुक ने एएफपी को बताया, बूशा में लगभग 280 लोगों की एक सामूहिक कब्र मिली है। बुरी तरह बर्बाद हो चुके इस शहर की सड़कें लाशों से पटी पड़ी हैं। एएफपी के मुताबिक, एक गली में ही 20 लोगों की लाश पड़ी है, जो सामान्य कपड़ों में थे।
यूक्रेन की डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर हन्ना मालयार (Hanna Malyar) ने शनिवार को अपनी एक फेसबुक पोस्ट में कहा, “पूरा कीव रीजन मुक्त करा लिया गया है।” हालांकि, इस पर रूस ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
शांति वार्ता एडवांस स्टेज में
एक अन्य घटनाक्रम में, यूक्रेन और रूस के बीच चल रहीं शांति वार्ताएं (peace talks) एडवांस स्टेज पर पहुंचने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। यूक्रेन के वार्ताकार डेविड अराखामिया (David Arakhamia) के मुताबिक, शांति समझौते का ड्राफ्ट यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy और रूस के व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के पास पहुंच गया है।
यूक्रेन का दावा, रूस के 18 हजार जवानों की मौत
इस बीच यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि युद्ध की शुरुआत से अभी तक रूस के 18,000 जवान मारे जा चुके हैं। यह नाटो द्वारा 7,000 से 15,000 सैनिकों की मौत से ऊंचा आंकड़ा है। यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्टर ने 31 मार्च, 2022 को एक रूसी हेलिकॉप्टर को गिराने का दावा भी किया है।