नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड की पत्नी सीता दहल का निधन, लंबे समय से थीं बीमार

Sita Dahal: सीता दहल के परिवार में प्रधानमंत्री प्रचंड और दो बेटियां, रेनू और गंगा हैं। रेनू दाहाल वर्तमान में भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी की मेयर हैं। सीता का अंतिम संस्कार दोपहर में काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के आर्यघाट पर किया जाएगा। करीब दो साल पहले नेपाली पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए मुंबई भी आए थे

अपडेटेड Jul 12, 2023 पर 12:20 PM
Story continues below Advertisement
Sita Dahal: बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे के करीब काठमांडू के स्थित नॉर्विक अस्पताल में उनका निधन हो गया

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' (Nepal PM Pushpa Kamal Dahal Prachanda) की पत्नी सीता दहल (Sita Dahal) का बुधवार सुबह लंबी बीमारी के बाद दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीता दहल लंबे समय से एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही थीं। 69 वर्षीय सीता ने बुधवार को काठमांडू के नॉर्विक इंटरनेशनल अस्पताल में अंतिम सांस ली। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब काठमांडू के स्थित नॉर्विक अस्पताल में उनका निधन हो गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को सीता की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने सुबह 8 बजकर 33 मिनट पर उनकी मृत्यु की पुष्टि की। अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, सीता प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पल्सी (PSP), पार्किंसन, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर से पीड़ित थीं।

प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पल्सी तंत्रिकाओं की एक दुर्लभ बीमारी है जिसकी वजह से संतुलन स्थापित करने में, चलने-फिरने में, देखने, बोलने और निगलने में परेशानी होती है। प्रधानमंत्री प्रचंड और उनकी पत्नी सीता की तीन बेटियां और एक बेटा था। उनकी बड़ी बेटी ज्ञानू दाहाल और बेटे प्रकाश दाहाल का निधन हो चुका है।


सीता के परिवार में प्रधानमंत्री प्रचंड और दो बेटियां, रेनू और गंगा हैं। रेनू दाहाल वर्तमान में भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी की मेयर हैं। सीता का अंतिम संस्कार दोपहर में काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के आर्यघाट पर किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ISKCON ने स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण के बारे में विवादित टिप्पणी करने वाले संत पर लगाया बैन

करीब दो साल पहले नेपाली पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए मुंबई भी आए थे। उनकी पत्नी सीता पार्किसन जैसे लक्षण वाली दिमागी बीमारी से पीड़ित थीं। प्रधानमंत्री के निजी डॉक्टर युवराज शर्मा के हवाले से बताया गया है कि बुधवार को इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट की वजह से सीता का निधन हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।