Sri Lanka Crisis News: राष्ट्रपति के घर से 'लाखों रुपए' मिलने का दावा, PM के घर को आग लगाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
Sri Lanka Crisis News: एक स्थानीय ने कहा कि अब समय आ गया है कि हमारा सारा चुराया हुआ पैसा इस देश को वापस मिल जाए। राष्ट्रपति के महल में AC चल रहे थे, जबकि लोगों के घरों में बिजली तक नहीं है
श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोला
Sri Lanka Crisis News: श्रीलंका (Sri Lanka) के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे (Gotabaya Rajapaksa) ने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। साथ ही प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे (Ranil Wickremesinghe) ने भी इस्तीफा दे दिया है। दोनों ही नेताओं ऐसे समय में अपना पद छोड़ा, जब प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोला और प्रधानमंत्री के घर में भी आग लगा दी। गनिमत ये रही कि उस समय न तो पीएम और न ही राष्ट्रपति अपने आवास में मौजूद थे।
श्रीलंका में आर्थिक संकट पर महीनों से विरोध प्रदर्शन जारी है। मगर इस विरोध ने शनिवार को उस समय उग्र रूप ले लिया, जब सैकड़ों हजारों लोग राजपक्षे की इस्तीफे मांग करते हुए राजधानी कोलंबो में सड़कों पर उतरे।
राजपक्षे 13 जुलाई को पद छोड़ देंगे। पीएम विक्रमसिंघे ने भी इस्तीफा दे दिया है। संसद के अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति ने "सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए" पद छोड़ने का फैसला किया और जनता से "कानून का सम्मान" करने की अपील किया।
राष्ट्रपति के घर लाखों रुपए बरामद!
रविवार को एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने दावा किया, जब उन्होंने राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आधिकारिक आवास पर धावा बोला, तो उस समय हवेली के अंदर लाखों रुपए बरामद हुए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें प्रदर्शनकारियों को बरामद किए गए नोटों की गिनती करते हुए दिखाया गया है। डेली मिरर अखबार ने बताया कि बरामद पैसे को सिक्योरिटी यूनिट को सौंप दिया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने सूचित किया है कि वे प्रासंगिक तथ्यों की जांच के बाद जमीनी स्थिति की घोषणा करने के लिए कदम उठाएंगे। सैकड़ों सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने के बाद शनिवार को मध्य कोलंबो के हाई सिक्योरिटी वाले किले क्षेत्र में राजपक्षे के आवास पर धावा बोल दिया। पिछले कई महीनों से आर्थिक संकट से जूझ रही द्वीप राष्ट्र की जनता राष्ट्रपति का इस्तीफा मांग रही थी।
प्रदर्शनकारियों का एक और ग्रुप प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास में घुस गया और उसमें आग लगा दी।
राष्ट्रपति के ठिकाने का अभी कुछ पता नहीं है। इस घटना के बाद शनिवार देर रात राष्ट्रपति की तरफ से संसद अध्यक्ष महिंदा यापा अबेवर्धना ने घोषणा की कि राष्ट्रपति बुधवार को इस्तीफा दे देंगे।
राष्ट्रपति राजपक्षे ने स्पीकर को इस्तीफा देने के इस फैसले के बारे में जानकारी दी। अभयवर्धने ने शनिवार शाम को नेताओं की सर्वदलीय बैठक के बाद इस्तीफा मांगने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा था।
प्रधानमंत्री के घर पर हमले के आरोप में 3 गिरफ्तार
राष्ट्रपति और प्रधान मंत्री दोनों की गैर-मौजूदगी में अध्यक्ष कार्यवाहक राष्ट्रपति बन जाएगा। बाद में, नए राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए सांसदों के बीच चुनाव होगा। मई में, राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के बड़े भाई और प्रधान मंत्री महिंदा राजपक्षे को सरकार विरोधी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के कारण पद छोड़ना पड़ा।
श्रीलंका का डेली मिरर अखबार के मुताबिक, कोलंबो में प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी घर पर कल रात आगजनी के मामले में कोल्लुपिटिया पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास अब पूरी तरह प्रदर्शनकारियों के कब्जे में है। वहां लोग अब टूरिस्ट की तरह घूमने आ रहे हैं। सामने आए कई वीडियो में प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रपति आवास के कमरों में बेड पर लेते हुए देखा जा सकता है।
एक स्थानीय ने कहा, "अब समय आ गया है कि हमारा सारा चुराया हुआ पैसा इस देश को वापस मिल जाए। राष्ट्रपति के महल में AC चल रहे थे, जबकि लोगों के घरों में बिजली तक नहीं है।"
वहीं श्रीलंकाई मीडिया संगठन न्यूज वायर की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारी PM के आवास टेंपल ट्री के अंदर, जिम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में आंदोलनकारी टीवी देखते हुए भी नजर आए।
डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CSS) जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने सभी नागरिकों से देश को सुरक्षित रखने के लिए सेना और पुलिस का समर्थन करने का आग्रह किया है। उन्होंने मौजूद ट्राई फोर्स कमांडरों के साथ एक विशेष बयान जारी कर ये अपील की है।