नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर इंटरनेशनल स्पेश स्टेशन (ISS) पर काफी लंबे समय तक रहने के बाद आखिरकार पृथ्वी पर लौट रहे हैं। ये दोनों पिछले साल जून से ही ISS पर है, जब वे जिस बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट की टेस्टिंग कर रहे थे। यह स्पेसक्राफ्ट अपनी पहली क्रू जर्नी पर प्रोपल्शन से जुड़ी खामियों के कारण खराब हो गया और धरती पर वापस नहीं लौट पाया।
इस रविवार को स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन यान बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स के साथ एक और अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और एक रूसी अंतरिक्ष यात्री को घर ले जाने के लिए ISS पहुंचा।
बोइंग की पहली एस्ट्रोनॉट फ्लाइट पर गए अंतरिक्ष यात्रियों को तय समय के मुताबिक, एक हफ्ते के भीतर वापस लौटना था, लेकिन इस महीने की शुरुआत में उन्हें ISS में नौ महीने पूरे हो गए।
इस सब के बीच एक बड़ा ही दिलचस्प सवाल उठता है कि क्या सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के लिए कोई ओवरटाइम या स्टाइपेंड मिलेगा, जैसा कि दूसरे सेक्टर में काम करने वाले कई आम कर्मचारियों को मिलता है?
क्या सुनीता विलियम्स को अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के लिए मिलेगा ओवरटाइम?
पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री कैडी कोलमैन के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों को सिर्फ उनकी रेगुलर सैलरी मिलती है, इसके अलावा उन्हें कोई ओवरटाइम नहीं मिलता। हां, NASA ट्रांसपोर्टेशन, रहने और खाने का खर्च उठाता है, और आकस्मिक खर्चों के लिए एक छोटा सा डेली अलाउंस भी देता है।
washingtonian.com ने कोलमैन के हवाले से कहा, "हर दिन आकस्मिक खर्चों के लिए कुछ छोटी रकम मिलती है, जिसे भुगतान करना कानूनी रूप से संस्था का दायित्व है।" उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह हर दिन करीब 4 डॉलर था।"
उदाहरण के लिए, 2010-11 में अपने 159-दिन के मिशन के दौरान, कोलमैन को एडिशनल पे के रूप में करीब $636 (₹55,000 से ज्यादा) मिले थे।
अगर इसी कैलकुलेशन के आधार पर देखें, तो सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को अंतरिक्ष में 287 दिन बिताने के बाद, हर एक को कम से कम 1,148 डॉलर (लगभग 1 लाख रुपए) का एडिशनल कंपनसेशन मिल सकता है।
कितनी है सुनीता विलियम्स की सैलरी?
रिपोर्ट के अनुसार, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर GS-15 पेग्रेड के तहत आते हैं, जो अमेरिका में जनरल पे शेड्यूल का हाईएस्ट रैंक है।
generalschedule.org पर दी गई जानकारी के अनुसार, GS-15 सरकारी कर्मचारियों को उनके जनरल शेड्यूल स्टेप के आधार पर $1,25,133 और $1,62,672 (लगभग ₹1.08 करोड़ से ₹1.41 करोड़) के बीच की बेस सैलरी मिलती है।
जनरल शेड्यूल (GS) क्लासिफिकेशन और पे सिस्टम प्रोफेशनल, टेक्निकल, एडमिनिस्ट्रेटिव और क्लेरिकल पदों पर तैनात ज्यादातर सिविलियन व्हाइट कॉलर फेडरल कर्मचारियों (दुनिया भर में लगभग 1.5 मिलियन) को कवर करता है। जनरल शेड्यूल में 15 ग्रेड हैं- GS-1 (सबसे कम) से GS-15 (सबसे ज्यादा)।
ISS पर नौ महीने तक रहने के दौरान सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की सैलरी $93,850 और $122,004 (लगभग ₹81 लाख से ₹1.05 करोड़) के बीच है।
इंसीडेंटल पे में 1,148 डॉलर (लगभग ₹1 लाख) जोड़ने के साथ, मिशन के लिए उनकी कुल कमाई 94,998 डॉलर से 1,23,152 डॉलर (लगभग 82 लाख रुपये से 1.06 करोड़ रुपये) तक होने की उम्मीद है।
यहां ये ध्यान रखना जरूरी है कि इस कैलकुलेशन में NASA की तरफ से 2011 से लागू किए गए इंसीडेंटल डेली अलाउंस में किसी भी संभावित बढ़ोतरी को शामिल नहीं किया गया है।
हालांकि, कोलमैन के अनुभव से पता चलता है कि उन्हें अपने मिशन के दौरान हर दिन 4 डॉलर का भत्ता मिलता था, लेकिन महंगाई या दूसरे फैक्टर के कारण यह रकम समय के साथ बदल सकती थी।
इसलिए, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर जैसे अंतरिक्ष यात्रियों को असल में कितना भत्ता और मुआवजा मिलेगा, ये NASA की ओर से तब से डेली अलाउंस में किए गए किसी भी बदलाव के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।
सुनीता विलियम्स धरती पर कब लौटेंगी वापस?
NASA ने रविवार को पुष्टि की कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मंगलवार, 18 मार्च की शाम (GMT) को पृथ्वी पर लौट आएंगे।
नासा ने रविवार शाम को एक बयान में कहा कि उसने अंतरिक्ष यात्रियों के फ्लोरिडा तट पर समुद्र में उतरने के अनुमानित कार्यक्रम को फ्लोरिडा समयानुसार मंगलवार शाम 5:57 बजे (भारतीय समयानुसार 19 मार्च को सुबह 3:27 बजे) आगे बढ़ा दिया है। पहले इसे बुधवार से पहले नहीं होना था।
नासा ने एक बयान में कहा कि वह एजेंसी के SpaceX Crew-9 की ISS से पृथ्वी पर वापसी का लाइव कवरेज देगा, जिसकी शुरुआत 17 मार्च सोमवार को रात 10:45 बजे (भारत में 18 मार्च को सुबह लगभग 8:30 बजे) ड्रैगन स्पेस क्राफ्ट के हैच बंद करने की तैयारी से होगी।