Twitter Layoffs : ट्विटर इंक में एक बार फिर से छंटनी का दौर शुरू हो सकता है। ट्विटर की अगले कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया साइट की प्रोडक्ट डिवीजन से लगभग 50 कर्मचारियों को निकालने की योजना है। न्यूज साइट इनसाइडर ने कंपनी से जुड़े दो लोगों के हवाले से यह खबर दी है। हालांकि, समझा जाता है कि छह हफ्ते पहले कंपनी के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने स्टाफ से कहा कि आगे कोई छंटनी नहीं की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अपनी वर्कफोर्स को 2,000 से कम कर सकती है। रॉयटर्स के अनुरोध पर ट्विटर (Twitter) की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
50 फीसदी कर्मचारियों की हो चुकी है छंटनी
मस्क ने अक्टूबर में ट्विटर को खरीद लिया था और तेजी से कई उत्पाद और संगठन से जुड़े बदलाव किए थे। कंपनी ने पेड सर्विस के रूप में ट्विटर-वेरिफाइड ब्लू चेक-मार्क (Twitter-verified Blue check-mark) शुरू किया और लगभग 50 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी।
मस्क ने नवंबर में कहा था कि Twitter को रेवेन्यू में भारी गिरावट का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में एडवर्टाइजर्स पीछे हट गए हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक शीर्ष अधिकारी ने स्टाफ मीटिंग में कहा कि चौथी तिमाही में Twitter का रेवेन्यू 35 फीसदी घटकर 1.025 अरब डॉलर रह गया।
अभी तक हुई छंटनी में कंटेंट मॉडरेशन डिवीजन के कर्मचारी भी शामिल रहे हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर हेट स्पीच में बढ़ोतरी की आशंकाएं पैदा हो गई हैं।
सिंगापुर में ऑफिस खाली करने को कहा
लगभग एक सप्ताह पहले ही खबर आई थी कि ट्विटर ने अपने सिंगापुर (Singapore) के ऑफिस में काम करने वाले कार्मचारियों से अपने-अपने डेस्क और ऑफिस स्पेस को खाली करने के लिए कहा है। Bloomberg ने इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया था कि यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि कंपनी दुनिया भर में फैले ट्विटर के बिजनेस में खर्चों को कम कर रही है। ट्विटर के कर्मचारियों को ईमेल के जरिए ये जानकारी दी गई थी कि उनके पास शाम 5 बजे तक का समय है। वे सभी कैपिटाग्रीन बिल्डिंग को खाली कर दें और वर्क फ्रॉम होम करें।