पूरी दुनिया इन दिनों मौसम की मार झेल रही है। एक तरफ दुनिया के कुछ देश इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे हैं। इनमें भारत भी शामिल है, भारत के कई सारे इलाके भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे हैं। वहीं दुनिया के कुछ देश प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे हैं। वहीं मिडिल ईस्ट इलाके में आने वाले देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां पर तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया है। शनिवार को UAE में पहली बार तापमान 50 डिग्री को पार गया है।
UAE में 50 डिग्री के पार पहुंचा पारा
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को इस देश का तापमान इस गर्मी के मौसम में पहली बार तापमान 50 डिग्री के पार पहुंच गया। यूएई में सबसे ज्यादा तापमान अबू धाबी में दर्ज किया गया। शनिवार को देश भर में सबसे अधिक तापमान अबू धाबी में दोपहर 2.30 बजे बड़ा दफास (अल धफरा क्षेत्र) में 50.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस वजह से बढ़ रहा है तापमान
हाल ही में, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मध्यम हवाएँ चलने से तापमान बढ़ रहा है। वहीं आज यानी रविवार को अबू धाबी और दुबई दोनों शहरों के तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के लिए तैयार है। अमीरात में न्यूनतम तापमान क्रमश: 34°C और 35°C रहेगा। डॉक्टरों ने निवासियों को चरम गर्मी के दौरान घर के अंदर रहने और सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा वहां के लोगों को धूप में जाने से बचने, सनस्क्रीन और धूप का चश्मा पहनकर बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
धूप में काम करने पर लगी रोक
यूएई की 'मिडडे ब्रेक' पहल 15 जून से प्रभावी है, जो दोपहर 12.30 बजे से 3 बजे तक खुली जगहों पर या सीधी धूप में काम करने पर प्रतिबंध लगाती है। इसे मानव संसाधन और अमीरात मंत्रालय (MoHRE) द्वारा लगातार 19वें वर्ष लागू किया गया है। इस नियम को न मानने वालों पर 5,000 दिरहम का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं इस नियम को तोड़ने पर अधिकतम जुर्माना 50,000 दिरहम है।