US Presidential Election 2024: रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पूर्व अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उनसे पूछा कि वह "भारतीय हैं या अश्वेत।" इस पर डेमोक्रेटिक पार्टी की उनकी प्रतिद्वंद्वी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कमला हैरिस ने पूर्व राष्ट्रपति की टिप्पणी को 'विभाजनकारी' और 'अनादर' का 'वही पुराना राग अलापना' बताया। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए ट्रंप की कमला हैरिस पर अश्वेत को लेकर की गई टिप्पणी से विवाद छिड़ सकता है।
78 वर्षीय ट्रंप ने दावा किया कि उपराष्ट्रपति हैरिस ने केवल अपनी एशियाई-अमेरिकी विरासत पर ही जोर दिया है जबकि उन्होंने दावा किया कि 'वह एक अश्वेत हैं।' ट्रंप ने बुधवार को शिकागो में 'नेशनल एसोसिएशन ऑफ ब्लैक जर्नलिस्ट्स' सम्मेलन में कहा, "मैं उन्हें लंबे समय से अप्रत्यक्ष रूप से जानता हूं। वह हमेशा से भारतीय मूल की बताती थीं और केवल भारतीय मूल को बढ़ावा दे रही थीं। कई साल पहले तक मुझे नहीं पता था कि वह अश्वेत हैं, अब वह अश्वेत के रूप में पहचान बनाना चाहती हैं।"
उन्होंने कहा, "तो मुझे नहीं पता वह भारतीय हैं या वह अश्वेत हैं?" बता दें कि हैरिस की मां मूल रूप से भारत की हैं और उनके पिता जमैका से हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की नस्लीय पहचान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वह जानबूझकर अश्वेत पहचान भुनाने में लगी हैं।
ह्यूस्टन में बुधवार को अश्वेत समुदाय के एक कार्यक्रम में हैरिस ने कहा, "ट्रंप ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ ब्लैक जर्नलिस्ट्स की वार्षिक बैठक में भाषण दिया और वही पुराना विभाजनकारी और अनादर का राग अलापा। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि अमेरिकी लोग इससे बेहतर के हकदार हैं।"
उन्होंने कहा, "अमेरिकी लोग इससे बेहतर के हकदार हैं। हमें एक ऐसे नेता की जरूरत है जो यह समझे कि हमारे मतभेद हमें विभाजित नहीं करते, वे हमारी ताकत का एक आवश्यक स्रोत हैं।"
कमला की रेटिंग में जबरदस्त उछाल
21 जुलाई को ट्रंप की व्हाइट हाउस की दावेदारी तब मुश्किल हो गई जब राष्ट्रपति जो बाइडेन ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में हैरिस का समर्थन करते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उसके बाद से उनकी लोकप्रियता की रेटिंग में उछाल आया है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी 2024 के व्हाइट हाउस चुनाव में हलचल मचा सकती है। वह अश्वेत मतदाताओं के साथ अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए उत्सुक हैं।
कमला हैरिस पहली अश्वेत महिला और एशियाई अमेरिकी हैं जिन्होंने उपराष्ट्रपति के रूप में कार्य किया है। वह जमैकन पिता और एक भारतीय मां की बेटी हैं। दोनों ही अमेरिका में प्रवासी हैं। सीनेटर के रूप में हैरिस कांग्रेसनल ब्लैक कॉकस की सदस्य थीं।
कमला हैरिस के अभियान के कम्युनिकेशन्स डायरेक्टर माइकल टायलर ने बुधवार को एक बयान में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने मंच पर जो शत्रुता दिखाई, वही शत्रुता उन्होंने अपने पूरे जीवन में, अपने कार्यकाल के दौरान और राष्ट्रपति पद के लिए अपने पूरे अभियान के दौरान दिखाई है। वह सत्ता हासिल करना चाहते हैं।