ब्रिटिश एयरलाइन वर्जिन अटलांटिक (Virgin Atlantic) से ऐसी गलती हुई, जिसकी किसी ने कल्पना ही नहीं की थी। वर्जिन अटलांटिक के लंदन से न्यूयॉर्क जाने वाली 300 यात्रियों से भरी फ्लाइट को एक ऐसे ट्रेनी पायलट से उड़वा दिया गया, जिसने अभी तक अपनी लास्ट फ्लाइंग टेस्ट ही पास नहीं की थी।
हैरानी की बात यह है कि फ्लाइट के टेक ऑफ के 40 मिनट बाद इस बात का खुलासा हुआ। इसके बाद फ्लाइट को वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। द सन में छपी खबर के मुताबिक, उड़ान के दौरान बातों ही बातों में इस ट्रेनी पायलट ने अपने को-पायलट से इस बात का जिक्र कर दिया।
इसके तुरंत बाद पायलट ने इसकी जानकारी हेडक्वॉटर में दी और प्लेन को वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट लाने का निर्देश दे दिया गया। इस चक्कर में प्लेन काफी लेट हो गई, जिस वजह से नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किा। एक नौसिखिए पायलट द्वारा प्लेन उड़ाए जाने की बात जान यात्रियों की सांसें अटक गई थी।
न्यूयॉर्क में छुट्टियां मनाने जा रहे थे यात्री
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर यात्री न्यूयॉर्क में छुट्टियां मनाने जा रहे थे। फ्लाइट की उड़ान के 40 मिनट बाद यात्रियों को जानकारी दी गई कि प्लेन वापस लंदन जा रहा है। इसका नतीजा ये हुआ कि फ्लाइट तीन घंटे लेट हो गई। बाद में रिप्लेसमेंट के बाद फ्लाइट ने वापस उड़ान भरी।
जब यात्रियों की वापसी की असली वजह पता चली तो सबके होश उड़ गए। जब फ्लाइट को वापस लंदन के लिए मोड़ा गया, तब वो आयरलैंड क्रॉस कर गया था। इस घटना के सामने आने के बाद वर्जिन अटलांटिक ने अपनी गलती के लिए यात्रियों से माफी मांगी है।
वर्जिन अटलांटिक के एक प्रवक्ता ने मेलऑनलाइन को बताया कि गलती की वजह से फ्लाइट जो लंदन से न्यूयॉर्क जा रही थी, उसे वापस बुलाना पड़ा है। इसके लिए हमें खेद है। प्रवक्ता ने कहा कि जिस ट्रेनी के साथ फ्लाइट ने उड़ान भरी थी, उसे रिप्लेस कर एक्सपीरियंस वाले पायलट के साथ वापस न्यूयॉर्क भेज दिया गया।