फ्रांस के सबसे बिजी रेल टर्मिनल की ओर जाने वाली पटरियों पर दूसरे वर्ल्ड वॉर का एक बम मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पेरिस के गारे डू नॉर्ड रेलवे स्टेशन को पूरी तरह से बंद करना पड़ा। फ्रांसी की नेशनल रेलवे कंपनी SNCF के अनुसार, सेंट-डेनिस के उपनगर में रूटीन मेंटेनेंस वर्क के दौरान रात में पटरियों के बीच में विस्फोटक उपकरण पाया गया। उपनगरीय RER B ट्रेन सर्विस ने X पर पुष्टि की कि यह बम दूसरे विश्व युद्ध के समय का है।
Gare du Nord एक बड़ा यूरोपीय ट्रांजिट हब है, जो फ्रांस के उत्तर में स्थित अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों जैसे यूरोपीय संघ की राजधानी ब्रुसेल्स और नीदरलैंड्स के साथ-साथ मेन पेरिस एयरपोर्ट और कई क्षेत्रीय इलाकों को सर्विस प्रोवाइड करता है।
बम मिलने के बाद, फ्रांस के अधिकारियों ने तुरंत गारे डु नॉर्ड से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों को रोक दिया, जिसमें हाई-स्पीड T.G.V. और यूरोस्टार सर्विस भी शामिल थीं।
इस टर्मिनल पर हर दिन लगभग 700,000 यात्री आते-जाते हैं। बम मिलने से वहां काफी उथल-पुथल मच गई। पुलिस और बम डिस्पोजल एक्सपर्ट्स खतरे को बेअसर करने के लिए काम कर रहे थे।
यूरोस्टार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, एहतियात के तौर पर कम से कम सुबह की तीन फ्लाइट रद्द कर दी गईं। लंदन, ब्रुसेल्स और दूसरी जगहों की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी देरी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने अभी तक ये नहीं बताया कि बम कहां से और कैसे आया। हालांकि, कंस्ट्रक्शन और मेंटेनेंस काम के दौरान यूरोप में कभी-कभी दूसरे विश्व युद्ध के एक्सप्लोसिव डिवाइस बरामद हो जाते हैं।
फ्रांस के परिवहन मंत्री फिलिप टैबरोट ने कहा कि पूरे दिन ट्रैफिक "बहुत जाम" रहेगा और दोपहर में केवल सीमित सेवाएं ही बहाल होंगी। उन्होंने यात्रियों से अपनी यात्राएं टालने की अपील भी की।
सुबह करीब 4 बजे सीन-सेंट-डेनिस रीजन में पटरियों के पास मिट्टी हटाने का काम कर रहे मजदूरों को ये बम मिला। घटनास्थल पर माइनस्वीपर्स भेजे गए और उनका ऑपरेशन अभी भी जारी है। शुक्रवार को स्टेशन खुलते ही फंसे हुए यात्री वहां जमा हो गए।
पहले या दूसरे विश्व युद्ध के बचे हुए बम अक्सर फ्रांस के आसपास पाए जाते हैं, लेकिन इतनी भीड़-भाड़ वाली जगह पर ऐसे बम मिलना काफी दुर्लभ मामला है।
तबरोत ने रेडियो पर बोलते हुए कहा कि स्थानीय निवासियों और रेलवे स्टेशनों के पास रहने वाले लोगों को विस्फोट के खतरे से “कोई डर नहीं” होना चाहिए, उन्होंने ऐसे बमों को निष्क्रिय करने और हटाने के लिए मौजूद प्रक्रियाओं पर जोर दिया।