दुनिया में कई अनोखी जगहें हैं, जो अपने अजीब मौसम और प्राकृतिक घटनाओं के लिए जानी जाती हैं। इनमें कई ऐसी जहग हैं, जहां हमेशा बाढ़ का खतरा होता, तो कहीं इतनी बारिश होती है कि रहना मुश्किल हो जाए। कुछ जगहों पर तापमान इतना ज्यादा है कि जनजीवन अस्त-व्यस्त ही हो जाए, लेकिन क्या आपने कभी ऐसी जगह के बारे में सुना है, जहां कभी बारिश नहीं हुई हो? यह चौंकाने वाला लग सकता है, लेकिन यमन की राजधानी सना के पश्चिम में स्थित अल हुतैब गांव एक ऐसी जगह है, जहां आज तक कभी बारिश नहीं हुई है।
रात में कड़ाके की ठंड, दिन में झुलसाने वाली गर्मी
यह गांव समुद्र तल से लगभग 3200 मीटर की ऊंचाई पर है, इसलिए यहां की जलवायु बहुत अजीब है। सुबह और रात में हाड़ कंपा देने वाली ठंड होती है, जबकि दिन में तेज गर्मी होती है। सुबह ठंड से बिलबिला रहे लोगों के लिए बिस्तर से उठना मुश्किल होता है, लेकिन जैसे ही सूरज निकलता है, गर्मी इतनी बढ़ जाती है कि लोगों के पसीने छूट जाते हैं।
हालांकि, इतने मुश्किल जलवायु के बावजूद, गांव एक पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट बन गया है। इस अनोखी जगह को देखने के लिए दुनिया भर से टूरिस्ट आते हैं। पहाड़ी की चोटी पर स्थित इस गांव का दृश्य बेहद आकर्षक और मनमोहक है, जो इसे और भी खास बनाता है।
क्यों नहीं होती यहां बारिश?
इस गांव की सबसे खास बात यह है कि यह एक पहाड़ी की चोटी पर है, जब आप यहां आते हैं, तो आपको ऐसा लगेगा कि जैसे आप स्वर्ग में हैं। लेकिन आपके मन में ये सवाल जरूर आया होगा कि आखिर अब तक इस जगह पर बारिश क्यों नहीं हुई?
इसका कारण यह है कि यह खूबसूरत गांव एक ऊंची पहाड़ी की चोटी पर स्थित है, इसलिए बादल इसके नीचे ही रहते हैं और कभी गांव तक नहीं पहुंच पाते। निचले इलाकों में बादल जमा होते हैं और बरसते हैं, लेकिन इतनी ऊंचाई पर बादल नहीं बनते, इसलिए यहां कभी बारिश नहीं हुई।
यह जगह गांव भी है और शहर भी
अल-हुतैब गांव की एक और खास बात यह है कि यह प्राचीन और आधुनिक वास्तुकला का एक अनूठा मिक्सअप देता है। यहां की इमारतों में आपको शहरी और ग्रामीण दोनों माहौल मिलेगा, जो इस जगह को और भी आकर्षक बनाता है।
आसान शब्दों में कहें, तो यमन की राजधानी सना के पश्चिम में स्थित अल-हुतैब गांव एक अनोखी जगह है, जहां अब तक कभी बारिश नहीं हुई है। यह गांव ऊंची पहाड़ी पर स्थित है इसलिए बादल नीचे ही रहते हैं और यहां बारिश नहीं होती।
दुनिया में कई जगहें अपनी अनोखी जलवायु के लिए जानी जाती हैं, लेकिन यह गांव अपनी शुष्क जलवायु के कारण बेहद खास है।