9 Karat Gold: 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी के पीछे भाग रही नई पीढ़ी, समझिए 10 ग्राम का हार बनवाने का पूरा कैलकुलेशन

9 Karat Gold: सोने की कीमत 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंचने के बाद युवा पीढ़ी 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी की ओर तेजी से बढ़ रही है। हल्की, किफायती और हॉलमार्किंग मंजूरी के साथ 10 ग्राम हार का पूरा कैलकुलेशन जानिए।

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 2:53 PM
Story continues below Advertisement
9 कैरेट गोल्ड को लेकर सबसे बड़ा बदलाव तब आया, जब सरकार ने इसकी हॉलमार्किंग को मंजूरी दे दी।

9 Karat Gold: सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। इसका भाव करीब ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा चुका है। ऐसे माहौल में भारी और महंगे गहने खरीदना और रोज पहनना हर किसी के लिए आसान नहीं रह गया है।

खासतौर पर युवा पीढ़ी अब पारंपरिक भारी ज्वेलरी से दूरी बना रही है, जो ट्रेंडी और हल्के गहने पसंद करती है। इसी बदलाव ने 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी को तेजी से लोकप्रिय बना दिया है।

क्या है 9 कैरेट गोल्ड और क्यों है अलग


9 कैरेट गोल्ड में 37.5% शुद्ध सोना होता है। बाकी हिस्सा चांदी और तांबे जैसी धातुओं का मिश्रण होता है। यही वजह है कि यह ज्वेलरी 22 या 18 कैरेट की तुलना में ज्यादा किफायती, मजबूत और रोजमर्रा पहनने के लिए सुरक्षित मानी जाती है। विदेशों में यह पहले से आम है। अब भारत के बड़े शहरों में भी ज्वेलरी स्टोर्स में इसका चलन बढ़ता जा रहा है।

हॉलमार्किंग को मिली मंजूरी, बढ़ेगा भरोसा

9 कैरेट गोल्ड को लेकर सबसे बड़ा बदलाव तब आया, जब सरकार ने इसकी हॉलमार्किंग को मंजूरी दे दी। जुलाई 2025 से BIS के नए नियम लागू हो चुके हैं।

इसके तहत अब 9K गोल्ड भी अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे में आ गया है। इससे ग्राहकों का भरोसा बढ़ रहा है और इस सेगमेंट की मांग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे पहले तक केवल 14K, 18K, 20K, 22K, 23K और 24K कैरेट सोने की हॉलमार्किंग ही वैध मानी जाती थी।

एक्सपर्ट की राय क्या कहती है

सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स के एमडी और सीईओ सुवनकर सेन के मुताबिक, 9 कैरेट गोल्ड की हॉलमार्किंग को मंजूरी मिलना इस कैटेगरी के लिए बड़ा कदम है। उनका कहना है कि 9 कैरेट में 37.5% सोना होता है।

हालांकि, सेन साफ करते हैं कि 9 कैरेट ज्वेलरी निवेश के लिहाज से नहीं है। यह मुख्य रूप से फैशन और हीरे-जड़ाऊ गहनों के खरीदारों के लिए है। शादी या पारंपरिक अवसरों के लिए 22 कैरेट ज्वेलरी की अहमियत बनी रहेगी।

Gold Jewellery | Latest & Breaking News on Gold Jewellery | Photos, Videos, Breaking Stories and Articles on Gold Jewellery - Moneycontrol.com

9 कैरेट का 10 ग्राम का हार कितने में बनेगा?

फिलहाल सोना ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम, चांदी ₹3.21 लाख प्रति किलो और कॉपर ₹1,290 प्रति किलो के आसपास है। ऐसे में 10 ग्राम का 9 कैरेट हार की कीमत का कैलकुलेशन इस तरह बनेगा।

9 कैरेट के 10 ग्राम हार में करीब 3.75 ग्राम शुद्ध सोना होता है, जिसकी कीमत मौजूदा भाव पर लगभग ₹59,250 बैठती है। इसके अलावा 4 ग्राम चांदी की कीमत करीब ₹1,284 और 2.25 ग्राम तांबे की कीमत लगभग ₹3 आती है। इस तरह कुल धातु लागत करीब ₹60,537 होती है।

इस पर अगर 10% मेकिंग चार्ज जोड़ा जाए तो यह करीब ₹6,054 बैठता है और कुल रकम ₹66,591 हो जाती है। अब इस पर 3% GST जोड़ने के बाद 10 ग्राम 9 कैरेट गोल्ड हार की अंतिम कीमत करीब ₹68,500-₹69,000 के आसपास पहुंच जाती है। डिजाइन और मेकिंग चार्ज के हिसाब से इसमें थोड़ा बहुत फर्क आ सकता है।

9 Karat Gold: 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी पर लट्टू नई पीढ़ी, समझिए 10 ग्राम का हार बनवाने का पूरा कैलकुलेशन

9 कैरेट गोल्ड की मांग क्यों बढ़ रही?

पिछले कुछ महीनों में सोने के दाम जिस तरह बढ़े हैं, उससे 22 और 18 कैरेट ज्वेलरी आम ग्राहकों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। ऐसे में 9 कैरेट गोल्ड एक व्यावहारिक विकल्प बनकर उभरा है।

यह हल्का, मजबूत और बजट के भीतर रहता है, जबकि डिजाइन और लुक के मामले में यह महंगा दिखता है। खासतौर पर हार, पेंडेंट, ब्रैसलेट और ईयररिंग्स में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।

विदेशों में पुराना ट्रेंड, भारत में नई रफ्तार

ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों में 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी का बाजार पहले से मजबूत है। भारत में यह ट्रेंड नया जरूर है, लेकिन महंगे सोने के दौर में अब यहां भी यही दिशा दिख रही है। कई बड़े ज्वेलरी ब्रांड्स 9 कैरेट के नए कलेक्शन लॉन्च कर चुके हैं।

आगे क्या कहता है बाजार

एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी की मांग और बढ़ेगी, खासकर उन ग्राहकों में जो पहली बार सोने के गहने खरीद रहे हैं या रोज पहनने के लिए हल्की और मॉडर्न ज्वेलरी चाहते हैं। हॉलमार्किंग की मंजूरी के बाद यह सेगमेंट भारतीय ज्वेलरी बाजार में अपनी अलग जगह बनाने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Origin of gold: कहां से आया सोना, कितना पुराना है इसका इतिहास; इंसानों ने कैसे जानी सोने की कीमत

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।